इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) ने चिप लगाकर घटतौली करने वाले कंपनी क्षेत्र के दो पेट्रोल पंप रद्द कर दिए हैं। रद्द होने वाले पंपों लखीमपुर के मालवा फिलिंग स्टेशन और रामुपर का पिपरिया किसान सेवा केंद्र हैं। बरेली के सात पेट्रोल पंपों को भी रद्द करने की फाइल कंपनी मुख्यालय में हैं। इनपर भी जल्द फैसला होना है। कंपनी की कार्रवाई से बरेली के पंप संचालकों में खलबली है। बरेली जिला डीलर एसोसिएशन ने तकनीकी जांच पूरी हुए बगैर कोई कार्रवाई नहीं करने की गुहार की है। कंपनी अफसरों ने मुख्यालय से पंप रद करने संबंधी दिशा निर्देश मांगे हैं। घटतौली में फंसे 12 पंपों ने शमन शुल्क जमा करा दिया है।
दो मई से 19 जून तक पेट्रोल पंपों पर हुई चेकिंग अभियान में सात पंप मशीनों में चिप लगाने के साक्ष्य और दर्जन भर स्थानों पर घटतौली मिली थी। हाईकोर्ट की तल्खी के बाद घटतौली में लिप्त पंपों पर कठोर कार्रवाई शुरू हुई और बीते सप्ताह बरेली जिले के सात पंप संचालकों पर मुकदमा दर्ज कराया गया। आवश्यक वस्तु अधिनियम धारा 3/7 में दर्ज हुए मामले से पंप मालिकों में खलबली मच गयी। जबकि घटतौली के आरोपी पंपों मालिकों ने शमन शुल्क जमा कर बाट माप विभाग से क्लीयरेंस ले ली है।
पंप मशीनों में चिप होने के संदेह में दर्ज हुए मुकदमों को लेकर डीलर एसोसिएशन असमंजस में है, प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक गुप्ता और रवि अग्रवाल ने कहा है कि जांच रिपोर्ट बिना कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होना चाहिए।