शार्ट सर्किट से खुसरो मैमोरियल पीजी कॉलेज के कंप्यूटर लैब में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय परीक्षा चल रही थी। आग के शोले देखकर परीक्षार्थी कमरों से बाहर निकल आए। फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रबंधन के मुताबिक आग से सात लाख का नुक सान हुआ है। फायर विभाग के अधिकारी आग से हुए नुकसान का आंकलन कर रहे हैं। शनिवार को अपरान्ह करीब साढ़े चार सीबीगंज स्थित खुसरो मैमोरियल पीजी कॉलेज में बीएससी तृतीय वर्ष की मैथ की परीक्षा चल रही थी। करीब 250 परीक्षार्थी कॉलेज में परीक्षा दे रहे थे। इस दौरान कॉलेज के चपरासी महेंद्र ने कंप्यूटर लैब से धुंआ निकलते देखा। महेंद्र से शोर मचाने पर सभी लोग लैब की तरफ दौड़े। कमरा खोलकर देखा तो उसमें से आग की लपटें उठ रही थीं। सूचना पर फायर बिग्रेड की टीम ने करीब एक की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कॉलेज की लैब में आग लगने से परीक्षार्थियों में दहशत फैल गई। प्रबंधतंत्र ने परीक्षार्थियों से शांतिपूर्वक परीक्षा देने की अपील की। फिर भी परीक्षार्थी दहशत के साए में ही परीक्षा देते रहे। कॉलेज के चीफ प्राक्टर पुष्पेंद्र गंगवार ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने पर चालीस कंप्यूटर, फर्नीचर, रिकार्ड आदि जलकर राख हो गया है। आग से उसका करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एफएसओ ने बताया कि खुसरो कॉलेज की लैब में आग लगने के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।