रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पर मंगलवार को एक लावारिस अटैची की वजह से करीब दो घंटे तक दहशत रही। लाइन नंबर एक से सियालदाह एक्सप्रेस तो गुजर गई लेकिन दिल्ली की तरफ से आई राजधानी एक्सप्रेस को लाइन बदल कर चार नंबर से गुजारा गया। करीब डेढ़ घंटे बाद आरआई की टीम ने रस्सी में बांधकर अटैची खोली तो उसमें से कपड़े निकले।आरआई ने अटैची खोलने का जो तरीका अपनाया अगर बम होता तो पूरा स्टेशन ही उड़ जाता। बम डिस्पोजल स्क्वाड बुलाया ही नहीं। इज्जतनगर मंडल से आरपीएफ का डॉग स्क्वाड भी बाद में पहुंचा।
दोपहर करीब साढे़ बारह बजे स्टेशन मास्टर के आफिस के सामने ये अटैची रखी देखी गई। सूचना कंट्रोल रूम के साथ ही आरपीएफ, जीआरपी को दी गई। एक नंबर प्लेटफार्म से यात्रियों को हटा दिया गया था। सीओ सिटी प्रथम सिद्धार्थ वर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे और उधर पुलिस लाइंस से आरआई ओमपाल अपनी टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने बिना चेक किए ही लंबी रस्सी में बंधी हथकड़ी अटैची के कुंडे में फंसायी उसे प्लेटफार्म के टिनशेड के पोल से टकराया तो अटैची खुल गई और उसमें महिला व बच्चों के कपड़े निकले। जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
तो इलाहाबाद की थी महिला
अटैची के अंदर एक कैरी बैग पर स्वाती चिकन इम्पोरियम 89/77, रानी चौक, इलाहाबाद छपा था। अंदाजा है कि महिला ने इस दुकान से कपड़े खरीदे होंगे। यह महिला दोपहर बारह बजे बरेली से इलाहाबाद को जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस से गई होगी और वह जल्दबाजी में अटैची भूल गई।