रिश्तेदार ने शादी करने का दबाव बनाया तो जोगीनवादा की एक किशोरी ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल उलटकर आग लगा ली। बुरी तरह झुलसने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुराना शहर जोगीनवादा निवासी हनीफ की बड़ी बेटी गुलशन की ससुराल गाजियाबाद में है। आरोप है कि उसका जेठ हनीफ की छोटी बेटी 16 वर्षीय रुखसार से शादी करने को कहता था। विरोध करने पर गुलशन का ससुराल वालों से मनमुटाव हो गया। वह मायके में रह रही है मगर गुलशन का जेठ रुखसार से शादी करने को दबाव बनाता रहा था। कई दिनों से आरोपी जेठ गुलशन के मायके जाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था। मंगलवार को उसने घर जाकर रुखसार को सबक सिखाने की धमकी दी थी। मानसिक तनाव में आकर बुधवार दोपहर रुखसार ने खुद पर आग लगा ली। उसकी चीख सुनकर पहुंचे घरवालों ने बमुश्किल आग बुझाई, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी। परिवार वालों ने फौरन जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक रुखसार सौ प्रतिशत झुलस चुकी है, जिससे उसकी हालत नाजुक है।