एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के गर्ल्स हास्टल में गंदगी और पेयजल उपलब्ध न होने जैसी समस्याओं से खफा छात्राओं ने कुलपति से शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि हास्टल में रहना मुश्किल हो गया है। नियमित साफ-सफाई नहीं की जाती है। इससे कमरों में कीड़े-मकोड़े और सांप तक दिखाई देते हैं। बड़ी-बड़ी घास उगी हुई है, जिसे नहीं काटा जाता है।
छात्राओं ने शौचालय और स्नानघर में पानी की पर्याप्त व्यवस्था न होने की शिकायत भी की है। कहा है कि पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं रहता। हास्टल में नालियां खुली हुई हैं। इसमें मच्छर पनप रहे हैं, जिससे डेंगू जैसे घातक रोग फैलने का डर है। कई छात्राओं को बुखार है। छात्राओं का कहना है कि बिजली जाने पर हॉस्टल में न तो जनरेटर चलाया जाता है, न ही इन्वर्टर चलता है। उन्होंने पर्याप्त हॉस्टल शुल्क लेने के बाद भी सुविधाएं न देने पर नाराजगी जताई और समस्याओं के निस्तारण की मांग की। कुलपति प्रो. मुशाहिद हुसैन ने कुलसचिव डॉ. साहिबलाल मौर्य को हॉस्टल की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। कुलसचिव का कहना है कि जल्द ही समस्याओं का निस्तारण कर दिया जाएगा।