किला पुलिस ने छह बदमाशों को गिरफ्तार कर सात वारदातों खोलने का दावा किया है। पुलिस ने सीबीगंज की डकैती का खुलासा करने के अलावा भोजीपुरा और देवरनिया थाने की भी वारदातें खोली हैं। बदमाशों से सोने की तीन अंगूठी, दो जोड़ी पायल और झुमकी के अलावा चार तमंचे, दो चाकू और जिंदा कारतूस बरामद करने की बात कही जा रही है।
एसपी सिटी समीर सौरभ ने पुलिस लाइन में शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि बृहस्पतिवार की रात को किला इंस्पेक्टर मोहम्मद कासिम ने मिनी बाईपास आईबी बैंक्वेट हाल के पीछे खंडहर से बदमाशों को पकड़ा था। बदमाशों ने बताया कि उन्होंने ही सीबीगंज में असलम के घर में डकैती को अंजाम दिया था। इसके पहले भोजीपुरा में लूट, इज्जतनगर में चोरी, सुभाषनगर में दो स्थानों पर चोरियां, कैंट और देवरनियां थाने में लूट की एक-एक वारदात को अंजाम देने की बात कुबूल की है। सीबीगंज की डकैती में सोने की दो अंगूठियां, सोने की झुमकी और चांदी की पायलें बरामद हुई हैं। भोजीपुरा के ग्राम पडरी हलुवा में वेदप्रकाश के घर से लूटी सोने की एक अंगूठी, एक जोड़ी की चांदी की पाललें और इज्जतनगर में मुकदमा लिखाने वाले वीरेंद्र सिंह समवाल का एक मोबाइल बरामद हुआ है। बाकी चार घटनाओं का कोई माल बरामद नहीं हो पाया है।
लूट से पहले पीते हैं शराब
- एसपी सिटी ने बताया कि घटना को अंजाम देने के पहले बदमाश उस इलाके की रेकी करते हैं। कोशिश यही रहती है कि किसी स्थानीय व्यक्ति से रेकी करा ली जाए। ऐेस घरों को चिह्नित करते हैं, जिसके आसपास कम आबादी हो। जिस घर में बुजुर्ग रहते हों या कम व्यक्ति रहते हों। घटना को अंजाम देने से पहले वे एक साथ बैठककर शराब पीते हैं। शाम होने पर चोरी के इरादे से घर में घुस जाते हैं। उनकी पहली कोशिश आराम से चोरी करने की होती है। हालांकि वह असलहे साथ लेकर चलते हैं। घटना के समय परिवार वालों के जागने पर वह घर वालों पर हमला कर देते हैं। विरोध करने पर जान से मारने से भी नहीं चूकते हैं।
पकड़े गए बदमाश
1- नबी अहमद पुत्र नन्हे निवासी रजागंज, थाना पूरनपुर(पीलीभीत) हाल निवासी बिहार कला, थाना इज्जतनगर
2-हसरत पुत्र सिद्दीक निवासी भगवंतापुर, थाना फरीदपुर, मूल निवासी ग्राम खरखरा, थाना बंडा, शाहजहांपुर
3-आरिफ पुत्र मिट्ठू निवासी ऊंचा गांव, थाना फरीदपुर
4-नदीम अली पुत्र सज्जाद अली, निवासी मीरा की पेठ, थाना बारादरी
5-वेदराम पुत्र भोगईलाल चौहान, निवासी भगवंतापुर, थाना फरीदपुर
6- किशनपाल यादव, पुत्र सुभाष यादव, ग्राम रिठौरा, थाना हाफिजगंज
शातिर अपराधी है वेदपाल
लुटेरों के गैंग में शामिल वेदराम के खिलाफ पीलीभीत के सेरामऊ उत्तरी में चोरी की दो, पूरनपुर में आबकारी एक्ट का एक, एनडीपीएस एक्ट का एक, थाना माधोटांडा में लूट का एक मामला दर्ज है।
उसके साथी हसरत के खिलाफ सेरामऊ उत्तरी में एक लूट का मामला दर्ज है। किशन पाल यादव के खिलाफ हाफिजगंज में दो जानलेवा हमला और मारपीट करने के दो मामले दर्ज है।
पीलीभीत का झब्बन चलाता है गैंग
- पीलीभीत के जहानाबाद का रहने वाला झब्बन सिंह इस गैंग का सरगना है। वह पीलीभीत से ही गैंग का संचालन कर रहा है। हर घटना में गैंग के नए सदस्य जुड़ जाते हैं। जेल में ही झब्बन और उसके साथी नए बदमाशों को अपने गैंग में जोड़कर वारदातों को अंजाम देते है। सीओ द्वितीय स्नेहलता ने बताया कि जिस घर में बदमाश लूट की योजना बना रहे थे। उनके नौकर को ही बदमाशों ने अपने साथ मिला लिया था। पूरे मामले की छानबीन करा रहे हैं।
इस टीम ने पाई सफलता
इंस्पेक्टर मुहम्मद कासिम, एसएसआई आरके सक्सेना, दरोगा सतेंद्र सिंह, उमेश यादव, सिपाही अजब सिंह, विकास सिंह, मोहम्मद यामीन, विष्णु चंद्र शर्मा और तंजीर अली।