पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदायूं जिला निवासी पांच गोवंशीय पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। थाने में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने परौरा चौराहे पर मोबाइल दुकान में चोरी और थाना फतेहगंज पश्चिमी से भैंस चोरी के अपराध कबूल किए हैं। बदमाशों की टाटा मैजिक गाड़ी सीज कर दी गई है। उनके कब्जे से हथियार और सब्बल भी बरामद हुए हैं।
प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार शर्मा शुक्रवार रात साढ़े 11 बजे गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिसकर्मियों के साथ जीप से परौरा-अनुबिस कालेज खड़ंजे पर आम के बाग के पास दबिश दी तो पांच लोग टाटा मैजिक में पास के गांव से चुराए गए दो बैलों को चढ़ा रहे थे। पुलिस ने टोका तो बदमाशों में से एक ने तमंचे से फायर कर दिया। निशाना चूकने से पुलिस टीम बच गई। बाद में पुलिसकर्मियों ने जवाबी फायरिंग करते हुए पांचों बदमाशों को धर दबोचा। पशु तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टाटा मैजिक को थाने लाकर सीज कर दिया गया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान बदायूं के थाना कुंवरगांव अंतर्गत गांव लाई फरीदपुर निवासी भूरा उर्फ इम्तियाज उर्फ शमशाद उर्फ अमन, बाबर हुसैन, जरीफुल हसन और बदायूं के ही थाना मूसाझाग के तालगांव निवासी सलाउद्दीन उर्फ सद्दाम के रूप में हुई। इस गाड़ी को बदायूं के बिनावर थाने के गांव नौगवां माफी निवासी गुड्डू चला रहा था। भूरा के कब्जे से 12 बोर का तमंचा, दो कारतूस, बाबर हुसैन से चाकू, जरीफुल के कब्जे से सब्बल बरामद हुआ। तस्करों ने परौरा चौराहे पर मोबाइल शॉप से चोरी और धनेटा से भैंस चोरी कबूली हैं। पांचों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।