श्री रामचंद्र स्मारक आईटीआई में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया गया है। फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
शनिवार सुबह 11 बजे सीबीगंज के शिवनगर कॉलोनी स्थित श्री रामचंद्र स्मारक आईटीआई की दूसरी मंजिल पर बने कॉन्फ्रेंस हाल में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर लोग कॉन्फ्रेंस हाल की तरफ दौड़ पड़े। फायर बिग्रेड को सूचना दी गई, लेकिन फायर बिग्रेड के पहुंचने से पहले ही कॉन्फ्रेंस हाल की कंप्यूटर लैब और आसपास के कमरों को आग ने चपेट में ले लिया। चंद मिनटों में आग ने इतना भीषण रूप ले लिया कि देखते ही देखते कॉन्फ्रेंस हाल का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के करीब एक घंटा बाद पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत करके आग पर काबू पाया। आईटीआई के चेयरमैन सतेंद्र सिंह यादव ने बताया कि आग से कॉन्फ्रेंस हाल में लगे कंप्यूटर, लैपटॉप माइक और चेयर सबकुछ जल गया।