रेलवे कर्मचारी के 18 साल के बेटे शुभम ने बीकाम में दोबारा फेल हो जाने पर खुदकुशी कर ली। रिजल्ट आने के बाद से वह तनाव में था। बुधवार शाम को उसका शव घर के पास ही फांसी के फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। सूचना पर घर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक के शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना इज्जतनगर के न्यू रेलवे कालोनी में रहने वाले स्वतंत्र कुमार रेलवे में कर्मचारी हैं। पुलिस के मुताबिक, शुभम की मां ने उसे शाम साढ़े चार बजे फांसी पर लटका देखा। वह घर के एक कमरे में पड़ी टीन शेड में लगे पाइप में दुपट्टे के फंदे पर लटका हुआ था। इज्जतनगर इंस्पेक्टर के मुताबिक, पिता स्वतंत्र कुमार ने बताया कि बेटे का कुछ दिन पहले रिजल्ट आया था, जिसके बाद से अवसाद में था। परिवार वालों के दबाव के बाद भी उसने घर पर रिजल्ट नहीं बताया था। पिता ने बताया कि वह पिछले वर्ष भी बीकॉम के प्रथम वर्ष की परीक्षा पास नहीं कर सका था। इस बार उसने इम्पूर्वमेंट परीक्षा दी थी। इसे भी वह पास नहीं कर पाया। इसी से परेशान होकर उसने फांसी पर लटककर आत्महत्या कर ली। शुभम तीन भाइयों में दूसरे नंबर का है। घटना के समय पिता स्वतंत्र अपने कार्यालय में थे। शुभम की मां और दोनों भाई घर पर ही मौजूद थे। मां ने बताया कि आधा घंटा पहले शुभम टीवी देख रहा था। साढ़े चार बजे जब वह कमरे से झाडू लेने गईं तो बेटे को फांसी पर लटका देखा। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन करके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ तृतीय एएसपी आकाश तोमर ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। डिप्रेशन में आकर शुभम ने यह कदम उठाया है।
शुभम के मोबाइल फोन के मैसेज आदि से कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। कॉल डिटेल निकलवाकर जांच की जाएगी। - रामगोपाल शर्मा, इंस्पेक्टर