कूड़ा बीनने के बहाने कछुआ पकड़कर तस्करी करने वाले दो लोगों को पुलिस ने रविवार रात चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। तस्करों का तीसरा साथी भागने में कामयाब रहा। एसआई शिवकुमार शुक्ला, सिपाही हरीओम दीक्षित, जितेंद्र सिंह एवं दंगल सिंह के साथ रविवार रात स्टेशन रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान तीन लोग बोरा लटकाए आते दिखे। शक होने पर रोककर पूछताछ की गई तो तीनों ने कचरा बीनने की बात कही। बोरा पलटवाने पर एक बोरे में कचरा और हड्डी व दूसरे बोरे में आठ जीवित कछुए निकले। इसी दौरान एक आरोपी भाग खड़ा हुआ। पुलिस भी पीछे दौड़ी पर अंधेरा होने के चलते वह हाथ नहीं लगा। पकड़े गए शनि व संजीव निवासी सीकरी गेट चंदौसी को हिरासत में ले लिया। फरार होने वाले साथी का नाम इन्होंने कालिया बताया। पकड़े गए दोनो आरोपियों ने बताया कि मांस खाने के लिए कछुए पकड़े हैं। जबकि पुलिस का कहना है कि कछुओं को तस्करी के लिए पकड़ा था। दोनो आरोपियों को जेल भेज दिया गया।