धनेटा रेलवे फाटक पर बदमाशों ने एक सराफ की बाइक की डिग्गी से 25 हजार रुपये और जेवरात चोरी करके भाग निकले। फतेहगंज पश्चिमी थाने में देर रात सराफ ने तहरीर सौंप दी। बदमाशों का सुराग नहीं लगा है। फिलहाल फतेहगंज पश्चिमी थाने में कोई लिखा पढ़त नहीं हुई है।
लोधीनगर निवासी राकेश रस्तोगी की कस्बा शाही में सराफ की दुकान है। शनिवार को वह अपनी दुकान बंद करके शाम 6.45 बजे बाइक से घर को जा रहे थे। बाइक की डिग्गी में हरे रंग के कपड़े के थैले में 25000 रुपया, दो सोने के 6 ग्राम वजन के मंगलसूत्र, 2 जोड़ी 150 ग्राम वजन की पुरानी पाजेब, दुकान व तिजोरी की चाबियां और कुछ जरूरी कागजात थे। धनेटा रेलवे फाटक बंद होने के कारण बाइक को वहीं पकौड़ी की दुकान के सामने चाबी लगी छोड़कर करके पानी पीने चले गए। उन्होंने बताया कि जब पानी पीकर वह वापस लौटे तो चाबी डिग्गी में लगी थी और डिग्गी में सिर्फ दुकान और तिजोरी की चाबियां थी। रुपया और जेवरा गायब थे।
शोर मचाया, लेकिन कुछ पता नहीं चला
उनके शोर मचाने पर भीड़ जमा हो गई। भाजपा नेता संजय चौहान की अगुवाई में पदाधिकारियों ने एसओ ब्रज राज सिंह को तहरीर सौंप दी। पुलिस ने राकेश से पूछताछ करके खोजबीन शुरू की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। आशंका जताई जा रही है कि यह कारस्तानी किसी स्मैकिये की हो सकती है।