थाने की पीआरवी 173 के प्रभारी श्यामासरन शुक्ला ने शुक्रवार रात ड्यूटी के दौरान शराब पीकर उत्पात मचाया। राहगीरों से गाली-गलौज और मारपीट की। साथी सिपाहियों की बात भी नहीं मानी तो थाना पुलिस उन्हें थाने ले आई। यहां वह इंस्पेक्टर से उलझ गए। मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें ड्यूटी से हटा दिया गया। एसएसपी का कहना है कि उसके खिलाफ मुकदमा लिखकर निलंबित किया जाएगा।
पीआरवी 173 पर शुक्रवार रात प्रभारी के तौर पर एचसीपी श्यामासरन शुक्ला की ड्यूटी थी। देर रात गांव मुरावपुरा में यह गाड़ी चेकिंग प्वाइंट पर थी। बताते हैं कि श्यामासरन शुक्ला ने वहां एक पकौड़ी की दुकान पर पहले जमकर शराब पी। दुकानदार व राह चलते लोगों से गाली-गलौज और मारपीट कर उत्पात मचाया। कुछ ग्रामीणों ने हेड कांस्टेबल की इस करतूत का वीडियो भी बना लिया। पीआरवी पर तैनात अन्य सिपाही कुमार सौरभ, अमित और ड्राइवर ने श्यामासरन को समझाने की कोशिश की तो वह उनसे भी भिड़ गया। ग्रामीणों ने सूचना थाने को दे दी तो श्यामासरन को पकड़कर थाने लाया गया। यहां इंस्पेक्टर शोएब मियां ने पूछताछ की तो वह उनसे भी भिड़ गया। उन्होंने इसकी सूचना 100 डायल के जिला प्रभारी देवेंद्र सिंह को दी। वह भी रात में ही थाने पहुंच गए। लिखा-पढ़ी कर मेडिकल कराया तो उसमें एल्कोहल की पुष्टि हुई। इंस्पेक्टर ने उसे ड्यूटी से हटाकर एसएसपी को रिपोर्ट भेजी है। एचसीपी का निलंबन तय माना जा रहा है। बता दें कि श्यामासरन शराब पीकर हुड़दंग मचाने के लिए बदनाम रहा है। ढाई वर्ष पूर्व सीबीगंज इंस्पेक्टर सुनील पचौरी के साथ भी उसने अभद्रता की थी।
वर्जन
श्यामाचरन शुक्ला की शिकायत मिली है। ड्यूटी के दौरान शराब पीकर अभद्रता का मामला गंभीर है। उसके खिलाफ मुकदमा लिखाकर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। - जोगेंद्र सिंह, एसएसपी