शिक्षक हत्याकांड और लूट का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा कि डकैतों ने नगर और उससे सटे इलाके में बुधवार रात फिर कहर बरपाया। कच्छा-बनियानधारी बदमाशों ने मोहल्ला आदर्शनगर और बिजौरिया गांव में दो घरों पर धावा बोलाकर लूटपाट की। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों को लोहेे की रॉड से पीटकर घायल कर दिया। पिटाई से एक महिला बेहोश हो गई, जबकि एक का सिर फट गया। बदमाशों की संख्या सात बताई गई है। एसएसपी जोगेंद्र सिंह और एसपी क्राइम रमेश कुमार ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर जांच की। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
कमरे में थे इसलिए बच गए
डकैतों ने सबसे पहले नगर से सटे रिछौला गांव में पुलिस चौकी से पचास कदम की दूरी पर कारचोबी कारोबारी रहीस अहमद के घर पर धावा बोला। रात पौने ग्यारह बजे दीवार फांदकर बदमाश घर में घुसे तभी गृहस्वामी की आंख खुल गई। बदमाशों ने धमकाकर कमरे का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की तो घरवालों ने शोर मचा दिया। बदमाशों ने आंगन में रखे सिलबट्टे से दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। दरवाजे का कुछ हिस्सा टूट भी गया लेकिन तभी पड़ोस के लोगों ने छतों से पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे बदमाशों को वहां से भागना पड़ा। आधा घंटे तक कोहराम मचने के बाद भी चौकी के सिपाहियों को इसकी भनक नहीं लगी।
घरवाले शोर मचाते रहे और बदमाश लूटते रहे
रिछौला से भागे बदमाशों ने नवाबगंज के मोहल्ला आदर्शनगर पहुंचकर यमुना देवी के घर को निशाना बनाया। इसी मकान में दुआवट गांव के खूबकरन का परिवार किराये पर रहता है। रात सवा ग्यारह बजे खूबकरन पड़ोस में गए थे। एक कमरे में यमुना देवी अपनी पुत्री रानी और दो पुत्रों भगवत सरन तथा केसर सिंह के साथ सो रहीं थीं। दूसरे कमरे में खूबकरन की पत्नी किरन अपने पांच वर्षीय पुत्र अवनीश के साथ सो रही थी। बदमाश पहले खूबकरन के कमरे में घुसे। उन्हें देख किरन चीखी तो बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाने शुरू कर दिए। इससे वह बेहोश हो गई। बदमाशों ने घर में रखे संदूक को आंगन में लाकर खंगालना शुरू किया तो आहट से यमुना देवी जाग गईं और शोर मचाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने लोहे की राड से यमुना देवी के कमरे का दरवाजा तोड़ना शुरू कर दिया। अइस दौरान लोहे की राड दरवाजे के पार होकर यमुना देवी के सिर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसी दौरान केसर सिंह ने फोन से पड़ोसियों को बदमाशों के आने की खबर दे दी। पड़ोसियों ने छत पर चढ़कर शोर मचाया तो बदमाश भाग गए। बदमाश खूबकरन के कमरे से 10 हजार की नकदी, सोने के कुंडल, दो तोले के सोने की चेन लूट ले गए।
पीटकर अधमरा किया और खंगाल लिया घर
आदर्शनगर में वारदात करने के बाद बदमाशों ने बिजौरिया गांव में राजेंद्र रस्तोगी के मकान पर धावा बोला। राजेंद्र पत्नी प्रेमवती के साथ पैतृक गांव बसुधरन गए थे। एक कमरे में उनका पुत्र चंदन और दूसरे में पुत्री शिवानी सोई थी। 13 वर्षीय पुत्र शेखर बरामदे में सो रहा था। फतेहगंज पश्चिमी निवासी उनका रिश्तेदार धर्मवीर अपनी परिचित महिला मढौली अगरास निवासी यशोदा पत्नी तेजराम को दवा दिलाने आया था। ये दोनों भी रात को राजेंद्र के घर पर ही ठहरे थे। घर में घुसकर बदमाशों ने धर्मवीर और यशोदा को डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। उसके बाद चंदन और शिवानी की भी पिटाई कर दी। शेखर को कमरे में बंद करने के बाद बदमाश डेढ़ घंटे तक घर खंगालते रहे। वे यहां से 38 सौ रुपये, दो चांदी की अंगूठियां, कुंडल और दो मोबाइल लूट ले गए। सूचना पर पुलिस कुछ ही देर में पहुंच गई। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। धर्मवीर और यशोदा को बरेली भेजा गया है।
गैंगरेप की अफवाह पर एसपी देहात पहुंचीं, बयान लिए
बरेली। राजेंद्र के घर ठहरी यशोदा से बदमाशों के गैंगरेप करने की खबर मिली तो पुलिस में हड़कंप मच गया। एसपी देहात ख्याति गर्ग ने जिला अस्पताल पहुंचकर यशोदा और उसके परिचित धर्मवीर के बयान लिए। यशोदा ने बताया कि वह नवाबगंज दवा लेने आई थी। रात को अपने परिचित धर्मवीर के साथ राजेंद्र के यहां रुक गई। इसकी जानकारी उसके पति को भी नहीं थी। यशोदा घर से साड़ी पहनकर गई थी जबकि घटना के बाद जब उसे भर्ती कराया गया तो वह सलवार सूट पहने थी। इससे ही उसके साथ गैंगरेप की अफवाह फैल गई। एसपी ने बताया कि यशोदा ने खुद कपड़े चेंज किए थे। उसने सिर्फ मारपीट और लूट होने की बात कही है।
विधायक पहुंचे सांत्वना देने
विधायक केसर सिंह गंगवार ने घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। पुलिस को निर्देश दिए कि बदमाशों को जल्द पकड़कर वारदात खोली जाएं।
स्थानीय लग रहे बदमाश
नवाबगंज। डकैती पीड़ित परिवारों ने बताया कि बदमाश बोलचाल में स्थानीय भाषा का ही प्रयोग कर रहे थे। इससे लग रहा है कि वे आसपास के ही रहने वाले हैं। बदमाशों ने पुलिस को भी खूब छकाया और एक के बाद एक घटना करते चले गए। जब तक सूचना पर पुलिस रिछोला पहुंची तो बदमाश वहां से निकल गए।