बरेली। भोजीपुरा की लड़की से छेड़छाड़ करने का के स डीजीपी के आदेश पर फिर खुल गया है। इस बार क्राइम ब्रांच को तफ्तीश दी गई है। प्रेमनगर पुलिस ने इस मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी है। डीजीपी जावीद अहमद से मिलकर लौटी पीड़ित की मां ने डीआईजी से मिलकर अपना दर्द सुनाया तो उन्होंने विवेचक को तलब करके मामले की विवेचना की बदल दी।
15 मई को महिला ने अपने ही गांव के लड़के इमरान आलम और उसके भाई पर बेटी से छेड़छाड़ करने के आरोप में मुकदमा लिखाया था। महिला का कहना था कि घटना 4 अप्रैल की है। विरोध करने पर आरोपी ने उसकी बेटी को अगवा करके कार में डालने की कोशिश भी की थी। प्रेमनगर पुलिस ने विवेचना के दौरान मामला झूठा बताकर केस को बंद कर दिया था। डीजीपी के आदेश पर डीआईजी आरकेएस राठौर ने विवेचक को तलब करके उनसे बात की। साथ ही केस को क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया। महिला का आरोप है कि विवेचक ने आरोपी से मोटी रकम लेकर फाइनल रिपोर्ट लगाई है। जबकि विवेचक का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कोई सुबूत ही नहीं मिल रहे हैं। सीओ सिटी मुकुल द्विवेदी ने बताया कि विवेचना बदले जाने का आदेश अभी उन्हें नहीं मिला है। आएगा तो केस डायरी क्राइम ब्रांच को भेज दी जाएगी।