नगर निगम के जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र साइबर कैफे संचालक जालसाजी करके फर्जी तरीके से तैयार कर रहे हैं। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी ने ऐसे ही मामले पकड़ने के बाद बारादरी थाने में तहरीर सौंपकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने 13 अप्रैल को बारादरी थाने में तहरीर सौंपी कि संजय नगर का एक साइबर कैफे संचालक जाली जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बना रहा है। उनके मुताबिक नगर निगम द्वारा ई डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर लोकवाणी, सीएचसी, इंटरनेट कैफे से मिले आवेदनों की जांच के बाद प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं। बीती 12 अप्रैल को ऐसे ही दो जन्म प्रमाण पत्र के आवेदन उनके पास आए। एक अमित पुत्र तोलाराम निवासी संजय नगर और दूसरा धर्मपाल निवासी नवादा जोगियान के नाम पर था। दोनों अभिलेखों की ऑनलाइन जांच में जालसाजी सामने आई। जांच में सामने आया कि नगर निगम की मोहर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी के हस्ताक्षर, सिटी मजिस्ट्रेट की मोहर और पत्रांक स्कैन करके लगाया गया, जोकि फर्जीवाड़ा है। बारादरी थाने के इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक प्रकरण की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की है, साइबर कैफे के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम में भी फर्जीवाड़े की कोशिश
कैफे से किया गया फर्जीवाड़ा पकड़ लिया गया लेकिन कई अभिभावक नगर निगम में भी ऐसा कराने का प्रयास कर रहे हैं। बच्चों की उम्र कम कराने के लिए कुछ अभिभावक नगर निगम में जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करके बच्चे का जन्म घर में होना बता रहे हैं। मगर नगर निगम का साफ्टवेयर लोगों का झूठ पकड़ ले रहा है। अब तक नगर निगम में इस तरह के दो सौ से अधिक मामले पकड़े जा चुके हैं।