जाटव समाज की बीडीसी मेंबर पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप को लेकर चनहेटी में सोमवार की रात दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों में मारपीट और पथराव हुआ। जिसमें चार लोग घायल हो गए। झगड़े के बाद थाने पहुंचकर दोनों पक्षों ने हंगामा किया। इस मामले में पुलिस ने बीडीसी मेंबर समेत चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है।
कैंट इलाके के गांव चनहेटी निवासी राज कुमारी बीडीसी मेंबर हैं। उस पर सोमवार को गांव के ही सुरेश ने अपनी पत्नी गीता पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाते हुए घर से ले जाने का आरोप लगाया। इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। दोपहर में हुए झगड़े के बाद सोमवार रात मामला तूल पकड़ गया। दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। बीडीसी मेंबर के पक्ष में भी कई लोग आ गए। मारपीट और पथराव हुआ। जिसमें सुरेश, उसकी पत्नी गीता और दूसरे पक्ष की सीला, रेखा घायल हो गए। झगड़े के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। वहीं प्रधान सोहराब खां के साथ थाने आए दर्जन भर से अधिक जाटव समाज के लोगों ने कहा कि बीडीसी मेंबर लंबे समय से लोगों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रही है। इसको लेकर पंचायत के दौरान बवाल भी हो चुका है। पुलिस ने सुरेश की ओर से बीडीसी मेंबर राज कुमारी, सीला, पप्पू और पप्पू के भाई के खिलाफ मारपीट के आरोप की एनसीआर दर्ज की है। वहीं दूसरी ओर घायल सीला ने सुरेश के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
00
थाने में प्रापर्टी डीलर से भिड़ी बीडीसी मेंबर
हंगामे के दौरान धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाने के आरोप में घिरी बीडीसी मेंबर लोगों पर बिफर पड़ी। वह प्रापर्टी डीलर छोटेलाल से भिड़ गई। पुलिस ने बीच बचाव किया।