बार-बार शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश कौन रहा है। कौन यह जो लोगों को लड़ाना चाहता है। पुलिस प्रशासन ने ऐसे लोगों को चिहिन्त करके शहर के अमन को पलीता लगाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो किसी दिन वे अपने मकसद में कामयाब भी हो सकते हैं। इसलिए ऐसे लोगों के चेहरे बेनकाब होना भी जरूरी हैं। गुलाबनगर में माहौल बिगड़ने के बाद ऐसी ही बातें पब्लिक करती रही।
उदाहरण के तौर पर बानखाने को ही ले लिया जाए तो यहां पान को लेकर विवाद होने पर दुकानदार कमल प्रजापित के घर पर भीड़ ने चढ़ाई कर दी थी। विरोध करने पर उसके परिवार के लोगों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ करके शहर में सनसनी फैला दी। घटना के बाद ऐसा लगा कि पुलिस बड़ी कार्रवाई करने जा रही है। लेकिन चार लोगों को जेल भेजने के बाद पुलिस ने चुप्पी साध ली। मौके पर उसी दिन से पुलिस फोर्स तैनात है। इस मामले में जिन लोगों को पुलिस चिहिन्त करके कार्रवाई करने का दावा कर रही थी, वे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। इस इलाके में पुलिस का खौफ इतना कम है कि बृहस्पतिवार को फिर से मामूली बात को लेकर बवाल हो गया। इन दोनों ही घटनाओं को आपसी झगड़े से बड़ा रूप देने की किसी ने तो साजिश रची है। पुलिस उस तक नहीं पहुंच पाई है। इसी तरह कुतुबखाना मस्जिद को लेकर भी कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की लगातार कोशिशें कर रहे हैं। सकलैनी और रजवी सिलसिले के लोगों को आपस में लड़ाने वाले भी हैं। सिरौली में व्हाट्सएप पर टिप्पणी कर बवाल कराने की कोशिस हुई।
रजमान और सावन का अभी से इंतजाम
सर्विलांस पर लगेंगे खुराफातियों के नंबर
-रात तीन बजे हर थाने से निकलेंगी पोस्टर पार्टियां
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। शहर में आए दिन माहौल बिगाड़ने की कोशिश हो रही है। इसलिए पुलिस-प्रशासन से अधिकारियों ने अभी से रजमान और सावन के लिए इंतजाम शुरू कर दिए हैं। खुराफातियों के नंबर सर्विलांस पर लगाकर उनकी कॉल सुनी जाएगी। हर थाने से रात को तीन बजे पोस्टर पार्टी निकलकर धार्मिक स्थलों को देखेगी।
एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा ने बताया कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से विवाद कराकर शहर का माहौल खराब कराने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों का अपना मकसद होता है। लेकिन वह उनका मकसद पूरा नहीं होने देंगे। हर थाने से एक दरोगा और दो सिपाही रात तीन बजे पोस्टर पार्टी के नाम से निकलेंगे। यह पार्टी सभी धार्मिक स्थलों का निरीक्षण करके देखेगी कि उनके पास कोई आपत्ति जनक वस्तु तो नहीं है। किसी ने धार्मिक स्थल की दीवार आदि पर कोई आपत्ति जनक पोस्टर तो नहीं लगा दिया है। खुराफात करने वाले तमाम लोगों को हमने चिहिन्त कर रखा है। कुछ और लोगों को भी चिहिन्त किया जा रहा है। सभी खुराफातियों के मोबाइल नंबर इकट्ठा करके उन्हें सर्विलांस पर लिया जाएगा। कुछ खुराफातियों के खिलाफ गुंडाएक्ट के तहत कार्रवाई होगी। संवेदनशील इलाकों में लोगों की छतों को चेक कराया जाएगा। खुराफातियों को रेड कार्ड भी जारी होंगे। रविवार को दोपहर 12 बजे उन्होंने कोतवाली में शहर के सभी थानाध्यक्षों और प्रभारी निरीक्षकों की मीटिंग बुलाई गई है। मीटिंग में रमजान और सावन में सुरक्षा के लिए प्लानिंग की जाएगी।
-कानून व्यवस्था हमारी पहली प्राथमिकता है। खुराफातियों को चिहिन्त कराया जा रहा है। शहर का माहौल बिगाड़ने वाला किसी भी धर्म से ताअल्लुक रखता हो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी- धर्मवीर यादव, एसएसपी