बानखाना चौराहे के पास मसाले की पुड़िया को लेकर हुए मामूली झगड़े को हवा देकर अराजक तत्वों ने चंद मिनटों में पूरे शहर में सनसनी फैला दी। इसका असर भी हुआ और दो वर्ग आमने-सामने आ गए। पत्थरबाजी और मारपीट में बीस से ज्यादा लोग घायल हो गए। हवाई फायरिंग की भी चर्चा रही, हालांकि पुष्टि नहीं हुई। कुछ देर में ही सांप्रदायिक तनाव की अफवाहें उड़ने लगीं। मौके पर पीएसी तैनात कर दी गई है। पैंतीस बवालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
थाना प्रेमनगर में बानखाना चौराहे के पास कमल प्रजापति का अपने घर के आगे ही पान-बीड़ी-सिगरेट और कोल्ड ड्रिंक का खोखा है। सोमवार सुबह करीब सवा नौ बजे मोहल्ले का ही फैजान अली कमल की दुकान पर पहुंचा और पान मसाले के पांच पाउच लिए। फैजान ने इनमें से एक खोला तो वह लाल निकल आया। फैजान ने उसे वापस करके दूसरा देने को कहा तो कमल ने पान मसाला बदलने से मना कर दिया। इसी को लेकर दोनों में गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। फैजान ने शोर मचाकर अपने पक्ष के लोगों को बुला लिया। उसने कमल की दुकान में तोड़फोड़ कर दी। आरोप दुकान में लूटपाट करने का भी है। कमल को पीटे जाने की जानकारी हुई तो उसके परिवार और आसपास के लोग भी घरों से निकल आए। इधर, फैजान की तरफ से भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। पथराव होने लगा। हमलावरों ने कमल के चाचा नंदराम के मिट्टी के बर्तन तोड़कर पथराव करना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावर घर में घुसकर उनकी बेटी प्रीति के जेवर भी लूटकर ले गए। पुलिस ने बवालियों को खदेड़कर किसी तरह हालात काबू किए। फैजान और उसके साथियों पर स्कूल के पीछे वाली गली में रहने वाले बाबूराम, सुरेंद्र कुुमार, बुद्धसेन, मुन्नालाल, नरेश कुमार, त्रिलोक सिंह और नन्हें के घर में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट का भी आरोप है।
मारपीट और पथराव में नीलू, नितिन, कमल, सुषमा, प्रीति, सोमवती, धर्म प्रकाश आदि और दूसरे पक्ष के राजू समेत करीब बीस लोग ज्यादा चोटिल हुए हैं। इनमें से पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ सिटी मुकुल द्विवेदी ने बताया कि कमल की तहरीर पर फैजान, राजू, बशीर, डॉन, हसनैन, इकबाल, यूसुफ, रफीक, मोनी, सलीम, पोकर, फिरोज खान, मुन्ना, निथि, मुन्ना, तौहीद, ताजउद्दीन, आशू समेत 15 लोगों को नामजद और 15-20 अन्य लोगों के खिलाफ बवाल, डकैती और जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। माहौल शांत है। ऐहतियातन मौके पर पीएसी तैनात है।