फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुद मरी या मार दी गई नवविवाहिता

Thu, 23 Apr 2015 01:19 AM IST
बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
सैनिक कॉलोनी की गली नंबर एक में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसे मार दिया या उसने आत्महत्या की है। पुलिस इसी सवाल का हल तलाशने में लगी हुई है। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज में ढाई लाख की मांग पूरी न होने पर बेटी को मारकर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है तो सास का कहना है कि उसने आत्महत्या कर ली है। फील्ड यूनिट की छानबीन ने दोनों ही बातों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फील्ड यूनिट के मुताबिक जिस पंखे से सास लटकने की बात कर रही है, उस पर धूल लगी है। महिला के हाथों पर भी धूल होनी चाहिए थी। फांसी के फंदे पर लटकने के लिए पंखे से दुपट्टा बांधा होता तो निशान तो होता, पंखे पर कोई निशान ही नहीं मिला। शिवानी के हाथ पर भी धूल नहीं मिली। पुलिस ने दहेज के लिए हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी पति, ससुर और सास को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन

मीना शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा नीरज शर्मा समेत पूरा परिवार मंगलवार को शादी में बीसलपुर गया हुआ था। नीरज की 21 वर्षीय पत्नी शिवानी ने रात दस बजे उसके साथ खाना खाया और सोने की बात कहकर अपने कमरे में चली गई। कमरे में तेज आवाज से टीवी चल रहा था। आधे घंटे बाद जोर की आवाज आई तो वह कमरे के पास पहुंच गई। उसने दरवाजा खटखटाया लेकिन नहीं खुला। जबकि फील्ड यूनिट का कहना है कि दरवाजा ऐसा है ही नहीं जो बंद हो सके। उनका कहना था कि दरवाजा न खुलने पर उन्होंने पड़ोसी को बुलाकर रोशनदान से झांककर दिखवाया। देखा तो शिवानी की लाश जमीन पर पड़ी थी। फील्ड यूनिट मीना की इस बात से भी इत्तेफाक नहीं रखती है। जिस रोशनदान से वह शिवानी के शव को जमीन पर पड़ा देखने की बात कर रहे हैं, वहां से देखा ही नहीं जा सकता है। मीना के मुताबिक रात में ही शिवानी के भाई मुकुल और बीसलपुर शादी में गए अपने पति काशीनाथ, पुत्र नीरज शर्मा को सूचना दी। सवाल यह खड़ा हो रहा है कि शिवानी फांसी पर लटकी तो फंदा कैसे खुल गया। फंदा खुलने के बाद शिवानी नीचे गिरी तो उसको चोट क्यों नहीं आई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट केे मुताबिक लटकने से शिवानी की मौत हुई है। फील्ड यूनिट के मुताबिक उसे नशीला पदार्थ खिलाकर भी तो लटकाया जा सकता है। एसएसआई नरेश कुमार ने बताया कि शिवानी के पति, ससुर और सास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनकी अब तक की कहानी हमारी भी समझ में नहीं आ रही है।
 
दहेज के लिए मारपीट करते थे ससुराल वाले
सीबीगंज के लेबर कॉलोनी निवासी शोभा शर्मा ने बताया कि ग्यारह महीने पहले उन्होंने अपनी 21 वर्षीय पुत्री शिवानी की शादी इज्जतनगर इलाके के सैनिक कॉलोनी निवासी नीरज शर्मा उर्फ विक्की से की थी। दहेज के साथ कार के लिए चार लाख नकद भी दिए थे। आरोप है कि ढाई लाख और दहेज में मांगते हुए उनकी बेटी को प्रताड़ित किया गया। ये बात शिवानी ने विदा होकर मायके आने के दौरान उन्हें बताई थी। आरोप है कि दहेज में ढाई लाख की मांग पूरी न होेने पर उनकी बेटी को फांसी पर लटकाकर मार दिया गया। पुलिस ने शोभा की तहरीर पर शिवानी के पति नीरज, सास मीना, ससुर काशीनाथ शर्मा और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन


ससुराल वाले बोले, टीबी की वजह से मर गई
दहेज हत्या के आरोप में घिरे काशीनाथ शर्मा का कहना है कि मंगलवार को वह और उनका पुत्र नीरज, पुत्री रूबी कटराचांद खां के रिश्तेदार गौरव की शादी में बीसलपुर (पीलीभीत) गए थे। घर पर शिवानी और सास मीना शर्मा ही थी। काशीनाथ ने बताया कि शिवानी की बगल में फोड़ा निकला था। 19 अप्रैल को जांच कराई तो डॉक्टर ने उसे टीबी होना बताया था। इसी बात को लेकर वह डिप्रेशन में रहने लगी और उसने फंदे पर लटककर खुदकुशी कर ली।
00
धोखे से की शादी
मुकुल का कहना है कि काशीनाथ ने अपने को एक मेडिकल कॉलेज में मास्टर बताया था और नीरज को बीटेक, जबकि वह जीटीआई ही था और कोई कामकाज नहीं करता था। इसीलिए शिवानी पर मायके से पैसा लाने का दबाव बनाता था। वहीं काशीनाथ किसी कॉलेज में मास्टर नहीं पाए गए।  

शिवानी के मायके पक्ष के लोग रात में ही थाने आए थे। बुधवार सुबह शिवानी की मां के तहरीर देने पर आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
विज्ञापन

- असित श्रीवास्तव, सीओ सिटी थर्ड
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें