पीएसी के लिपिक ने हेराफेरी कर 23.18 लाख रुपये हड़पे
बरेली। पीएसी के मॉडल स्कूल में तैनात लिपिक ने अभिलेखों में हेराफेरी कर स्कूल में जमा की गई बच्चों की फीस के 2318032 रुपये हड़प लिए। पीएसी के उप सेना नायक ने आरोपी और उसके साथी के खिलाफ धनराशि गबन करने के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नकटिया स्थित पीएसी की आठवीं बटालियन के उप सेना नायक विकास कुमार वैद्य ने विभाग के लिपिक दीपक जोशी और उसके साथी नरेश शर्मा के खिलाफ अभिलेखों में हेराफेरी कर 2318032 रुपये का गबन करने के आरोप की रिपोर्ट कैंट थाने में सोमवार को दर्ज कराई। इंस्पेक्टर रामवीर यादव ने बताया कि जांच में पता चला कि पीएसी बटालियन के पास ही मॉडल स्कूल है। दीपक और नरेश उसमें लिपिक हैं। बच्चों की आने वाली फीस का लेखाजोखा यही दोनों देखते हैं। उन्होंने बच्चों से वसूली गई फीस के अभिलेखों में हेराफेरी कर धनराशि गबन कर ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।