कथित रूप से बदमाशों के चंगुल से छूटकर भागे युवक को पुलिस ने उसके परिवार वालों को सौंप दिया। परिवार वालों ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी और युवक को लेकर शाहजहांपुर चले गए।
शाहजहांपुर में जमीनों की खरीद फरोख्त में प्रापर्टी डीलरों का माध्यम बनने वाले राजा के 22 वर्षीय बेटे अरीब के मुताबिक कुछ बदमाश बुधवार रात उसे ईदगाह रोड से कार में डालकर बरेली ले आए थे। बदमाश बदायूं रोड पर ढाबे पर खाना खाने रुके, इसी दौरान वह किसी तरह कार से निकल भागा और जंक्शन पहुंच गया। वहां से उसने फोन पर परिवार वालों को घटना की सूचना दी। परिवार वालों ने शाहजहांपुर तैनाती के दौरान परिचित रहे जोगी नवादा चौकी के दीवान उस्मान अली को सूचना दी तो वह अरीब को बारादरी थाने ले आए। अरीब के परिवार वाले भी रात में ही थाने पहुंच गए। राजा ने किसी से कोई रंजिश होने से इन्कार करते हुए बताया उनकी इतनी हैसियत नहीं है कि कोई फिरौती के लिए उनके बेटे का अपहरण करे। बदमाश किसी और का अपहरण करने आए होंगे और धोखे से अरीब को कार में डालकर बरेली ले आए।