रिसर्च डाइटिल से प्रस्तावित फिल्म की शूटिंग से पहले ही झगड़े में फंस गई है। इस झगड़े में रोज नए किस्से सामने आ रहे हैं। मारपीट और हीरो के बाल काटने के बाद अब फिल्म के हीरो पर बलात्कार के प्रयास का आरोप लगा है। लीड रोल न देने से नाराज कैंट की लड़की ने हीरो और उसके एक सहयोगी पर बलात्कार के प्रयास की रिपोर्ट इज्जतनगर थाने में दर्ज करा ली है।
युवती का कहना है कि वह मिनीबाईपास पर वसंत बिहार स्थित आयुषी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट ऑफ फिल्मस में एक्टिंग सीखने जाती थी। जहां उसकी मुलाकात अर्जुन पासवान से हुई। उसने बताया कि वह रिसर्च नाम से बन रही फिल्म में एक करोड़ लगाकर फिल्म बना रहा है। युवती का आरोप है कि उसने मुझे अपनी बातों में बहका दिया और हीरोइन बनाने के लिए पिछले तीन माह से ट्रेनिंग दे रहा था। युवती का आरोप है कि फिल्म के ऑडीशन के नाम से उसकी फोटो खींची गई और वीडियो बना ली गई। ट्रेनिंग के दौरान गलत हरकतें की गई। वह तीस मार्च को दोपहर एक बजे आफिस पहुंची तो उससे कहा गया कि इस लाइन में समझौता करना पड़ता है। ऐसी कोई हीरोइन नहीं जिसने समझौता न किया हो। युवती का आरोप है कि अर्जुन पासवान और उसके सहयोगी ने बलात्कार का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए गए और उसके फोटो व वीडियो अपने साथ एडिट कर बदनाम करने की धमकी दी। युवती ने बृहस्पतिवार को एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा के समक्ष पेश होकर कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
00
हीरो का हाल जानने पहुंचे कई लोग
शाहजहांपुर के पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि सुरेश शुक्ला और बरेली कैंट वोर्ड के पूर्व सभासद एडमिन हरमन, बहेड़ी चेयरमैन अंजुम रसीद के पुत्र आदिल समेत कई लोग बुधवार को निजी अस्पताल में भर्ती हीरो अर्जुन पासवान का हालचाल जानने पहुंचे। पूरा दिन शुभचिंतक भी अस्पताल पहुंचकर हीरो का हालचाल जानने पहुंचे।
00
अब बताओ क्या करना है...
इंदिरा नगर स्थित हीरो के घर के नीचे स्थित दुकानदार ने बताया कि सोमवार को जब अर्जुन के घर दस बारह लोग पहुंचे तो वह समझा कि उनसे कोई मिलने वाला आया है। जब कुछ देर बाद ये लोग नीचे उतरे और उनमें से एक व्यक्ति ने साथ आई हीरोइन को गले लगाकर कहा कि अब बताओ क्या करना है । इसके बाद जब वह ऊपर पहुंचा तो अर्जुन और उसका परिवार बदहवास हालत में था।