नकाबपोश बदमाशों ने शनिवार की रात अधकटा नजराना गांव में धावा बोला। ईंट भट्टा ठेकेदार के घर में घुसे बदमाश 25 हजार रुपये और जेवर समेत करीब सवा पांच लाख का माल ले गए। करीब डेढ़ घंटे लूटपाट करने के बाद बदमाश घर वालों को एक कमरे में बंद करके फरार हो गए। नवाबगंज पुलिस ने घटना की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की है।
अब्दुल गनी ने बहराइच में एक भट्ठा का ठेका ले रखा है, जिससे वह अपने सात बेटों के साथ बहराइच में रह रहे हैं। उनका बड़ा बेटा अब्दुल मजीद गांव में रह रहा है। शनिवार को आधी रात के करीब आठ-दस बदमाश अब्दुल गनी के घर में पड़ोसी की दीवार के सहारे घुस गए। बदमाशों ने अंदर पहुंचते ही ठेकेदार की पत्नी नन्हीं बेगम व अब्दुल मजीद को उठाया और तमंचे तानकर जान से मारने की धमकी दी। फिर घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों को एक जगह बैठा लिया और एक बदमाश तमंचा तानकर खड़ा रहा। बाकी बदमाशों ने कमरों में रखी अलमारियों के ताले तोड़कर नगद रुपये, सोने की चेन, तीन अंगूठी समेत करीब दस तोला सोना और पांच किलो चांदी के जेवर लूट लिए। लूटपाट के बाद बदमाशों ने सबको एक कमरे में बंद किया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
बदमाशों के जाने के काफी देर बाद अब्दुल मजीद ने ऊपर दीवार में बने होल से एक बच्चे को बाहर निकाला। उसने नीचे जाकर कमरे की कुंडी खोली, जिसके बाद घर के लोग बाहर निकाले। उनके घर शोर मचने पर गांव वाले जमा हो गए। ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना रात में नवाबगंज थाने में दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस अब्दुल मजीद को अपने साथ थाने ले गई और उससे तहरीर लेकर मामला चोरी में दर्ज कर लिया।
मकान से वाकिफ थे बदमाश
घर की महिलाओं के मुताबिक बदमाश उनके घर से पूरी तरह वाकिफ थे। बदमाशों ने केवल उन्हीं कमरों में घुसकर अलमारियां खंगाली, जिनमें रुपये और जेवर रखे थे। जयपुर में रह रहे ठेकेदार के बेटे नन्हें के कमरे में बदमाश झांके तक नहीं। एक बदमाश के मुँह पर नकाब नहीं था। उसकी बड़ी- बड़ी मूंछें थीं। बाद में उसने अपना मुंह छिपाने के लिए अब्दुल का गमछा छीनकर अपने मुँह पर लपेटा। बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा ठेककर नन्हीं बेगम से सारी अलमारियों की चाबियां ले लीं। जाते वक्त बदमाश अब्दुल मजीद की शर्ट भी पहन गए, जिसमें आधार कार्ड व पहचान था।
बेटी के जेवर भी लुट गए
ठेकेदार की बेटी परवेज अपनी ससुराल बरखन से मायके आई हुई थी। उसके जेवर भी बदमाश लूटकर ले गए।
अभी घटना की रिपोर्ट चोरी में दर्ज कर ली गई है। जांच में जो सही होगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नरेश कुमार, सीओ नवाबगंज
पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेश कुमार ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली और पुलिस को जल्द से जल्द घटना का खुलासा कराने के निर्देश दिए हैं।