बरेली ठग गिरोहों का गढ़ बनता जा रहा है। आए दिन ठगी की घटनाएं हो रही हैं। शहर में फिर ठगी की तीन घटनाएं हो गईं। एक जगह मोबाइल टॉवर पर नौकरी लगवाने तो दूसरी जगह मोबाइल टॉवर लगाने के नाम पर ठगी कर ली गई। तीसरी जगह लिफाफे में गिट्टी रखकर महिला के सोने के कुंडल ठग लिए गए।
केस-वन
मोबाइल कंपनी में नौकरी के नाम पर डेढ़ लाख ठगे
शहजहांपुर के तिलहर निवासी मोईन ने बताया कि वह इंटरमीडिएट पास है और नौकरी की तलाश में था। उसका परिचित हरदोई निवासी कमल अवस्थी अक्तूबर 2014 में उसे मीरानपुर कटरा में मिला और उसने अपने को मोबाइल टॉवर कंपनी का मैनेजर बताया। अवस्थी ने कहा कि वी कुमार उसके इंडस टॉवर के बडे़ अधिकारी हैं, वे उसकी नौकरी लगवा देंगे। मोईन ने बताया कि 23 नवंबर 2014 को कमल ने रात नौ बजे उसको बाला जी स्वीट्स बदायूं रोड थाना सुभाषनगर पर वी कुमार से मिलवाया। दोनों ने कहा कि उसकी नौकरी लग जाएगी लेकिन उसे डेढ़ लाख रुपये देने होेंगे। मोईन ने बताया कि उसने पंद्रह दिन में रुपये का इंतजाम कर सात दिसंबर 2014 को कमल और वी कुमार को डेढ़ लाख रुपये दिए तो उन्होंने पंद्रह दिन बाद नियुक्ति पत्र देने का वायदा किया। एक महीना बीत जाने के बाद भी नियुक्ति पत्र नहीं मिला। जब उसने कमल से संपर्क किया तो उसे टहला दिया गया और फोन पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ठगी के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
00
केस-दो
केमिस्ट से टॉवर लगाने के नाम पर 60 हजार ठगे
शहर के इंद्रानगर निवासी केमिस्ट अनुपम खंडेलवाल ने बताया कि छह जनवरी 2015 को उनके पास फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम राज कुमार बताया और कहा कि वह रिलायंस कंपनी का बड़ा अधिकारी है और मोबाइल टॉवर लगाने का काम देखता है। अनुपम ने बताया कि उससे छत पर छह फीट का टॉवर लगाने की बात शुरू हुई। इसके बदले उन्हें 51 हजार रुपये प्रति माह देने की बात तय हुई। राजकुमार ने उनकी बात जतिन भाटिया से भी कराई तो उसने सिक्योरिटी के रूम में 60 हजार रुपये जमा करने को कहा। इस पर उन्होंने ऑन लाइन बैंकिंग के जरिए छह जनवरी को फोन करने वाले के खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद कंपनी की ओर से आए मेल मेें 51 हजार रुपये की और सिक्योरिटी की मांग की गई, इस पर शक हुआ। रिलायंस कंपनी के अधिकारियों से संपर्क करने के बाद पता चला कि टॉवर लगाने की बात करने वाले जालसाज हैं। इसका पता लगने पर बुधवार को अनुपम खंडेलवाल ने आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में टॉवर के नाम पर साठ हजार रुपये ठगने के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
00
केस तीन
सोने के कुंडल लेकर गिट्टी रखा लिफाफा थमा दिया शीला को
बारादरी इलाके के ईंटपजाया चौराहे पर आंवला की शीला देवी से मंगलवार को ठगी की गई। ठगों ने पहले उसे आंवला तक वाहन से पहुंचाने की बात कहते हुए अपने जाल में फंसाया। इसके बाद चेकिंग होने की बात कहकर उसके कुंडल उतरवा कर एक लिफाफे में रखवा दिए। निगाह चूकने पर ठगों ने कुंडल वाला लिफाफा पार कर गिट्टी रखा लिफाफा उसे थमा दिया और भाग गए। शिकायत पर पुलिस ने मामले का खुलासा कर भूड़ के शाहीन और हासिम को पकड़ लिया। गिरोह का मुजाहिद अभी हाथ नहीं लग पाया है। इंस्पेक्टर बारादरी मुहम्मद कासिम ने बताया कि उसकी तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तीनों लोग गांव से आने वाले भोले भाले ग्रामीणों से बातचीत कर जान पहचान बढ़ाने के बाद सड़क पर खड़े किसी भी वाहन को अपना बताकर उसके गंतव्य तक पहुंचाने की बात करते हैं। यही नहीं वह चेकिंग का डर दिखाकर महिलाओं से जेवर आदि उतरवा कर लिफाफे में रखवाते हैं और चालबाजी करते हुए जेवर भरा लिफाफा बदलकर कूड़ाकरकट वाला लिफाफा थमा देते हैं।