फरीदपुर। शराब पीकर गाड़ी चला रहे ड्राइवर की लापरवाही से मंगलवार को 30 बच्चों की जान सांसत में पड़ गई। कृष्णा पब्लिक स्कूल की बस हाईवे पर खड़े ट्रक को टकराकर खाई में जा घुसी। हादसे में महिला शिक्षक और पांच बच्चे घायल हो गए। सभी को रजऊ के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। तीन बच्चों को एसआरएमएस में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद ड्राइवर बस छोड़कर भाग गया।
कृष्णा पब्लिक स्कूल की बस छुट्टी के बाद दोपहर पौने तीन बजे बच्चों को लेकर बरेली जा रही थी। बस में 30 बच्चे सवार थे। हाईवे पर दशमेश ढाबे के पास पंक्चर की दुकान पर ट्रक खड़ा था। अचानक पीछे से आई बस ट्रक के एक साइड में टक्कर मार दी। ट्रक आगे खाई में गि गया जबकि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई। आगे की सीटों पर बैठे छात्र घायल हो गए। बच्चों की चीख पुकार सुनने पर वहां से गुजर रहे लोग दौड़कर बस तक पहुंचे। उन्होंने बच्चों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद स्कूल प्रबंधन को सूचना दी गई। दूसरी बस से बच्चों को रजऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। मोहनपुर नकटिया के नरेश पाल के बेटे लव पटेल, नकटिया के समद गुप्ता, मोहनपुर के पूर्व प्रधान का बेटा आफताब आलम और प्रीति कौशल को एसआरएमस ले जाया गया। टीचर गीता मेहरा को हल्की चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रजऊ के प्राइवेट अस्पताल से घर भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ड्राइवर बस को लहरा कर चला रहा था और नशे जैसी हालत में लग रहा था। इस मामले में अब तक किसी पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई है।