शहामतगंज में भाजपा नेता सचिन कुमार गुप्ता के गोदाम के ताले तोड़कर चिरकुंडा गैंग ने नौ लाख रुपये चुराए थे। बारादरी पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले गैंग के तीन चोरों को सेटेलाइट बस स्टैंड के पास से पकड़ लिया है। उनका एक साथी भागने में सफल हो गया। पकड़े गए चोरों के पास से पुलिस ने तीन लाख 66 हजार रुपये बरामद किए हैं। मंगलवार को सीओ तृतीय आकाश तोमर ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि शुक्रवार की रात को शहामतगंज मंडी स्थित शेर सिंह बिल्डिंग स्थित भाजयुमो के पूर्व महानगर अध्यक्ष और तेल कारोबारी सचिन गुप्ता और अभय गुप्ता के जेएस एंड कंपनी के गोदाम के ताले तोड़कर शटर उठाने के बाद चोर नौ लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए थे। बकौल सचिन गुप्ता, जब उनकी लेबर गोदाम पर पहुंची तो शटर आधा उठा था और ताले टूटे थे। जब उनको इसकी सूचना मोबाइल से मिली तो वह रात में ही गोदाम पर आए। मामले में मुकदमा लिखने के बाद से ही पुलिस घटना का खुलासा करनेे में लगी थी। मुखबिर से पता लगा कि राजेंद्र कुमार उर्फ चिरकुंडा गैंग ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सेेटेलाइट बस अड्डे से गंगापुर निवासी चिरकुंडा के साथी सोनू पुत्र भगवान स्वरुप, रवि पुत्र मोहन लाल और अवधेश और अंधेरा ने पकड़े जाने के बाद घटना स्वीकार की है। पकड़े गए तीनों चोरों से 50-50 हजार रु पये नकद बरामद हुए हैं। बाकी दो लाख 16 हजार रुपये की रकम सोनू के घर से बरामद हुई है। सोनू का भाई राहुल फरार है। उसकी तलाश के लिए टीम को लगा दिया है।