बरेली। जंक्शन के प्लेटफार्म दो से जीआरपी ने एक लड़की समेत चार लोगों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। लड़कों के पास से 15 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। जीआरपी ने लड़की को चाकू रखने के आरोप में गिरफ्तार दिखाया है। पकड़े गए लड़कों में एक मौसम विभाग के रिटायर कर्मचारी और एक फौजी का बेटा है। सोमवार को चारों का चालान करके कोर्ट में पेश करेगी। सभी आरोपी कोटद्वार के रहने वाले हैं और स्कूलों के आसपास स्मैक बेचते थे।
रविवार को देर शाम वेंडर की सूचना पर जीआरपी ने प्लेटफार्म नंबर दो से जिला पौड़ी गढ़वाल के थाना कोटद्वार के ग्राम चंदपुर गांव निवासी सुमित विष्ट और इसी थाना क्षेत्र के रहने वाले सौरभ नेगी निवासी ग्राम निब्बू चौड़, राहुल खंतवाल निवासी ग्राम सत्ती चौड़ के अलावा उन्हीं के इलाके की एक लड़की को गिरफ्तार कर लिया। तीनों लड़कों के पास से पांच-पांच ग्राम स्मैक बरामद हुई है। जबकि लड़की के पास से जीआरपी चाकू बरामद होने का दावा कर रही है। इंस्पेक्टर जीआरपी चंद्रशेखर गुप्ता ने बताया कि चारों को सोमवार को चालान करके जेल भिजवा दिया जाएगा। स्मैक लड़के बरेली के थाना बारादरी इलाके के गंगापुर इलाके से खरीदक र ले जा रहे थे। आरोपियों ने बताया कि वह कोटद्वार में स्कूलों के आसपास यह स्मैक खपाते हैं।