भैया दूज के दिन रेवती स्टेशन के पास दंपति को छैमार गिरोह के बदमाशों ने लूटा था। आंवला पुलिस और क्राइम ब्रांच ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। यह गैंग यूपी के बरेली, बदायूं रामपुर, कन्नौज, बुलंदशहर, उत्तराखंड के रुद्रपुर हरिद्वार आदि में वारदातें करता है।
एक नवंबर को सुचित कुमार और उनकी पत्नी सुनीता देवी बाइक पर जा रहे थे। रेवती स्टेशन के पास उन्हें बदमाशों ने घेर लिया और लोहे की राड मारकर घायल कर दिया था। उनसे बदमाश 2100 रुपये व सोने के जेवर लूटकर ले गए थे। एसएसपी जोगेंद्र सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इस घटना के खुलासे को क्राइम ब्रांच और आंवला पुलिस को लगाया था। बृहस्पतिवार रात खड़गपुर गांव के पास कुछ बदमाशों के होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने फायर झोंक दिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया। इनमें गैंग लीडर बदायूं के दातागंज के मंगल बाजार मोहल्ला निवासी इकबाल, उसका भाई अली बहादुर, यहां अलीगंज थाना क्षेत्र के गैनी निवासी महेंद्र उर्फ मेहर हसन हैं। महेंद्र बदायूं के सिविल लाइन क्षेत्र के शेखूपुर का मूल निवासी है। पूछताछ में बदमाशों ने एक नवंबर को सुचित व उसकी पत्नी से लूट करना कबूल किया। उनके पास लूटी का सामान (एक कुंडल, अंगूठी, चेन, पास, दो हजार रुपये) और तीन तमंचे व कारतूस बरामद हुए। एसएसपी के मुताबिक इन्हीं बदमाशों ने तीन अक्तूबर को शाही थाना क्षेत्र के सब्जीपुर गांव के धर्मपाल की भैंस खोली थी। उनके पिता देवदत्त के शाम मचाने पर बदमाशों ने गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। एसएसपी ने बताया कि गैंग के चार सदस्य मौके से भाग गए थे। इनमें बदायूं के बजीरगंज थाना क्षेत्र के नई बस्ती मोहल्ला बनिया निवासी फिरासत उर्फ भिखारी, हसन विहारी, दातागंज के मंगल बाजार का हनीफ और चापर गोरा का चरन कश्यप हैं।
आपराधिक इतिहास
इकबाल व हनीफ के खिलाफ बदायूं के वजीरगंज, सहसवान, बिनावर, उझानी, बिसौली थाने में हत्या, लूट, डकैती, जानलेवा हमला, मारपीट आदि के 11 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम
बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम में क्राइम ब्रांच के एसआई विकास सक्सेना, जगवीर सिंह, आंवला थाने के संजय कुमार सिंह, कृष्ण गोपाल शर्मा, कांस्टेबल रविंद्र सिंह, अंकुल चौधरी, तंजीर अली, वरुण चौधरी, श्रीपाल, शहिर शामिल रहे। एसएसपी ने टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने का ऐलान किया है।