सट्टा कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले सकलैन नगर के रानू अली और उसके चाचा फहीम अली की हत्या के आरोपी सट्टा किंग मल्लू ने जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा सट्टा कारोबार खड़ा कर लिया है। उसके गुर्गे तंग गलियों में नंबर लिखी पर्चियों पर सट्टा खिलवा रहे हैं। सट्टा किंग के कुछ महीनों में दोबारा नेटवर्क बनाने के बाद रानू अली का परिवार दहशत में हैं। केस के गवाहों पर भी दबाव बनाया जा रहा है। अब चर्चित दोहरे हत्याकांड में 17 अक्तूबर को कोर्ट में सुनवाई होनी है।
चकमहमूद के सकलैन नगर निवासी रानू अली के सट्टा किंग मल्लू उर्फ अख्तर के खिलाफ कांकरटोला थाने में शिकायत करने से बौखलाए सटोरियों ने 16 अक्तूबर, 2015 को उस पर हमला कर दिया था। घर में घुसे बदमाशों ने रानू के सीने में गोली दाग दी थी। उसके चाचा, भाभी और शानू पर भी फायरिंग की थी। बचाव में आई मां को छुरी घोंप दी थी। चाचा फहीम के सीने के नीचे और पेट में गोलियां लगी थीं। सिद्धि विनायक अस्पताल में रानू अली और फहीम ने दम तोड़ दिया था।
अदनान को छोड़ सबको मिल गई जमानत
बड़ी वारदात अंजाम देने के बाद चक महमूद निवासी मल्लू उर्फ अख्तर, मुख्तर, सिकंदर, हजियापुर के अदनान और फरमान, जावेद, सुलेमान, जुल्फिकार निवासी बदायूं, बाबा और गुड्डू को नामजद कराया गया था। बारादरी थाने की पुलिस सटोरियों को गिरफ्तार भी नहीं कर सकी। बारादरी के बड़े सटोरिये की मदद से सबको थाने पर बुलाकर गिरफ्तारी दिखाई गई थी। सभी को जेल भेजा गया था। छह महीने में मल्लू को जमानत मिल गई, जिसके बाद अदनान को छोड़कर बाकी आरोपियों को भी जमानत मिलती चली गई।
परिवार को गुर्गे धमका रहे
केस की पैरवी करने वाले शानू का परिवार दहशत में है। मल्लू के गुर्गें परिवार को धमका रहे हैं। पंद्रह दिन पहले भी परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। मामला खुद निपटाने के लिए कहकर वापस भेज दिया गया।
चौकी का मुखबिर करता है सटोरियों के लिए काम
आलाधिकारी भले ही दावा करते हो कि शहर में सट्टा नहीं चलता, लेकिन सूत्रों के मुताबिक कांकरटोला चौकी पर बड़े नाम का मुखबिर सटोरियों के लिए काम करता है। वसूली का जिम्मा भी इसे ही मिला हुआ है। पुलिस की दबिश से पहले यह सटोरियों के लिए मुखबिरी करता है। बारादरी थाने के सटोरिये शाहिद टुंडा के नेटवर्क में काम करते हुए मल्लू ने पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी काम शुरू कर दिया है। सकलैन नगर में चिमगादड़ बाग मोहल्ले में चुन्नू, चक मेहमूद में शरीफ और हजियापुर में भूरा तुतल काम कर रहे हैं। सट्टे के खेल में पुलिस भी मालामाल हो रही है।
वर्जन
सट्टा नहीं चलने दिया जाएगा। शानू के परिवार पर दबाव बनाने वाले सटोरियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मामला कोर्ट में चल ही रहा है।
- रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी