डीएम गौरव दयाल और एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को साफ साफ कहा है कि सावन के चौथे सोमवार को सतर्क रहें। सभी अफसरों के सोमवार तक के अवकाश निरस्त कर दिए हैं। जिसकी जहां पर ड्यूटी हैं, वहां पर तैनात रहें और छोटी सी घटना को गंभीरता से लें। वहीं दूसरी ओर लोगों को आगाह किया है कि वह 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर सावधान रहें। इस दिन कांवड़ियों के भेष में बाहरी तत्व बवाल कर सकते हैं।
कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम और एसएसपी ने कानून व्यवस्था को लेकर संयुक्त बैठक की। बैठक में खास बात यह रही कि सेना के अधिकारी भी शामिल थे। सीओ, एसडीएम और थाना प्रभारियों से कहा कि वह आखिरी सोमवार को सुरक्षा कड़ी रखें। सादा कपड़ों में भी पुलिस बल तैनात रहेगा, जो कि बाहरी तत्वों पर नजर रखेगा। पूर्व में हुई घटना के आरोपियों को दो दिन के अंदर गिरफ्तार करके जेल भेजें।
खुफिया विभाग का इनपुट है कि आईएसआई बरेली सहित प्रदेश के संवेदनशील जिलों में माहौल खराब करना चाहती है। इसीलिए बाहरी लोगों को माहौल खराब करने के लिए भेजा है जो कि कांवड़ियों के भेष में माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। बैठक में एडीएम फाइनेंस, एसडीएम, सीओ, थाना प्रभारी तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।