ब्राह्मपुर गांव में नशे में धुत एक युवक ने अपने जीजा की मदद से पत्नी को लात और घूंसों से पीटकर मार डाला। महिला के मायके वालों ने दोनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।
हाफिजगंज के नरई नौवालनगला गांव के हरीराम सागर ने पुलिस को बताया कि छह साल पहले उन्होंने अपनी बेटी गीता देवी (25) की शादी भुता के ब्राह्मपुर गांव के महावीर (28) से की थी। उनका आरोप है कि ससुराल वाले बाइक और सोने की चेन लाने के लिए बेटी पर दबाव बना रहे थे। कई बार मारपीट से परेशान बेटी ने ससुराल जाने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद पंचायत में हुए फैसले के बाद उसकी विदाई कराई गई। हरीराम के अनुसार रक्षा बंधन पर महावीर अपनी पत्नी गीता देवी को तो मायके नहीं लाया बल्कि खुद चला आया। उसने फिर बाइक और चेन की मांग कर दी। यह भी कहा कि अब उनकी बेटी को साथ नहीं रखेगा। किसी तरह उसे समझाकर वापस भेजा गया। उनका कहना था कि पड़ोसियों ने गीता की मौत की सूचना फोन पर दी तो उनके होश उड़ गए। गांव पहुंचे तो गीता का शव पड़ा था। पति गायब था। सास रेशमा से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को महावीर शराब पीकर घर आया था और पत्नी से मारपीट करने लगा। गीता ने इसका विरोध किया। उसने भी ऐसा न करने को कहा मगर उसके सिर में खून सवार था। उसने गीता को लात घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। हरीराम ने पुलिस को बुला लिया। इसके बाद मजिस्ट्रेट संदीप श्रीवास्तव की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने महावीर और उसके जीजा रमेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। शुक्रवार शाम महावीर को गिरफ्तार कर लिया गया। गीता देवी की एक लड़की और एक बेटा है।