बरेली। ब्लाक प्रमुख की कुर्सी हथियाने के लिए सियासी जंग ने तेजी पकड़ ली है। रविवार की रात को समाजवादी पार्टी के ब्लाक मीरापुर कटरा खुदागंज के प्रमुख पद के दावेदार पर नरेंद्र कुमार गुप्ता से दूसरे पक्ष के लोगों की बीडीसी सदस्यों की छीना झपटी को लेकर विवाद होने पर फायरिंग हुई थी। पीड़ित ने मामले में आईजी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी। बारादरी पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना मीरानपुर कटरा के पौकी गांव के निवासी नरेंद्र कुमार गुप्ता का आरोप है कि 31 जनवरी की रात को साढ़े बजे वह पीलीभीत रोड पर विजय फिलिंग स्टेशन पर अपनी कार में डीजल डलवाने के लिए रुके थे। उनके साथ पिंकू गुप्ता और कार का चालक लाल मोहम्मद निवासी मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर के अलावा कस्बे मीरानपुर कटरा के ही रहने वाले शिवराज सिंह थे। तभी कुमुद गंगवार निवासी शाहपुर खितौआ, थाना मीरानपुर कटरा, उसके साथी आशीष अग्रवाल, भुवनेश, बुधपाल और तीन अन्य लोगों ने लाइसेंसी असलहों से जान से मारने की नीयत से उन पर फायर कर दिए। पेट्रोल पंप के काउंटर पर गोली लगी है। हमलावरों की तस्वीर सीसीटीवी में भी कैद हो गई हैं। सूत्रों का कहना है कि मामला दो बीडीसी सदस्यों को लेकर छीनाझपटी का है। सपा नेता ने अपने सदस्य को पानीपत में छुपाकर रखा था। दूसरे पक्ष के लोग उसमें से दो को ले आए। इसी बात को लेकर पेट्रोल पंप के सामने दोनों पक्षों में मारपीट और छीनाझपटी हो गई थी।