बहेड़ी/देवरनियां। प्राथमिक विद्यालय कर्ठरा में तैनात एक शिक्षिका से घर लौटते वक्त उसी के साथी एक शिक्षक ने छेड़छाड़ कर दी। बताते हैं कि राह चलते हुई छेड़छाड़ के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शिक्षक को पीट भी दिया था। आरोप है कि शिक्षिका के पति को पुलिस ने बैठा लिया है और रिपोर्ट करने की बजाय समझौते में जुटी है। वहीं, एसओ ने इस आरोप से इंकार किया है। बहेड़ी के एक गांव निवासी शिक्षिका प्राथमिक विद्यालय कर्ठरा में तैनात हैं। इसी स्कूल में दुनका शाही निवासी दूसरे शिक्षक भी तैनात हैं। मंगलवार दोपहर छुट्टी के बाद शिक्षिका स्कूल से करीब सौ कदम आगे बढ़ी थीं। आरोप है कि पीछे से साथी शिक्षक ने आकर उनका हाथ पकड़ लिया और उनसे छेड़खानी शुरू कर दी। शिक्षिका ने विरोध किया तो शिक्षक आपा खो बैठा और उसने अभद्रता शुरू कर दी। शिक्षक की इस हरकत पर ग्रामीणों ने उसे घेरकर पिटाई कर दी। इस बीच शिक्षिका ने फोन कर अपने पति को बुला लिया। मौके की नजाकत भांपकर आरोपी शिक्षक ने चुपचाप थाने जाकर शिक्षिका के पति के खिलाफ पुलिस को मारपीट की तहरीर दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस पीड़ित शिक्षक के पति को ही थाने उठा लाई और बैठा लिया। शिक्षिका ने पुलिस को आरोपी शिक्षक के खिलाफ छेड़खानी की तहरीर दी। पुलिस ने देर शाम तक शिक्षिका की तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा उसके पति को ही बैठाए रखा है। शिक्षिका ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को फोन कर आपबीती सुनाई। शिक्षिका के पति का कहना है कि वह लोग एसएसपी से मिलेंगे। वहीं एसओ देवरनिया सोनकर बाबू का कहना है कि दोनो पक्षों ने अपनी अपनी तहरीर दी है। मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। पुलिस की हिरासत में कोई नहीं है यह महज अफवाह उड़ाई जा रही है। अगर शिक्षिका के साथ अभद्रता का मामला सिद्ध होता है तो दोषी शिक्षक को जेल भेजा जायेगा।