बरेली। पठानकोट में एयरफोर्स के बेस कैंप पर आतंकी हमले के बाद बरेली के त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन और आर्मी एरिया में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। शनिवार को रक्षा मंत्रालय से आए फरमान पर एयरफोर्स स्टेशन के साथ आर्मी एरिया में बाह्य और आंतरिक सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया गया। प्रमुख सैन्य ठिकानों पर चौकसी बढ़ा दी गई। यूबी एरिया और जाट रेजीमेंट सेंटर के अलावा सेना के अन्य प्रमुख स्थलों को आने-जाने वाले रास्तों पर कड़ी चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध लोगों की तलाश में पुलिस की मदद से सैन्य इलाकों के आसपास रहने वाले लोगों का भौतिक सत्यापन भी शुरू कर दिया गया है।
बरेली में सेना हालांकि तभी अलर्ट हो गई थी जब काफी समय से बरेली में रह रहा आईएसआई जासूस इजाज मेरठ में पकड़ा गया था। इजाज से पूछताछ में पता चला था कि उसने बरेली में सैन्य इलाकों की न सिर्फ रेकी की है बल्कि गोपनीय जानकारी भी जुटाकर आईएसआई को भेजी है। इसके बाद त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन और बरेली के सैन्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था में काफी बदलाव कर दिया गया था। अब पठानकोट में आतंकी के हमले के बाद सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है। एयरफोर्स स्टेशन और सेना के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हर स्तर पर सुरक्षा बंदोबस्त मजबूत किए गए हैं। सुरक्षा प्रबंधों की लगातार निगरानी भी की जा रही है। सैन्य क्षेत्र के प्रमुख रास्तों पर हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। त्रिशूल और सेना के अफसरों ने सुरक्षा बंदोबस्त के बारे में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया लेकिन दावा किया कि सतर्कता के मामले में कहीं कोई कमी नहीं है। सेना का खुफिया तंत्र भी हाई अलर्ट के बाद चौकन्ना हो गया है।
पुलिस और प्रशासन की ओर से भी अलर्ट जारी किया गया है। एसपी सिटी ने दोपहर के वक्त सभी थाना-चौकी प्रभारियों की बैठक बुलाकर अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए। इसके बाद त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन की तरफ आने-जाने वालों की सघन चेकिंग की गई। कैंट इलाके में भी पुलिस गश्त कर रही है। इंस्पेक्टर थाना कैंट सूर्यनाथ यादव की निगरानी में देर शाम तक कैंट एरिया में वाहनों की चेकिंग की गई। संदिग्ध लोगों की तलाश में त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन और सैन्य इलाकों के आसपास लोगों का भौतिक सत्यापन भी शुरू कर दिया गया है।
सेना के पास खुद ही सुरक्षा के तमाम इंतजाम है। नागरिक पुलिस की सेना के साथ कोआर्डिनेशन के लिए एसओपी बनी हुई है। हम त्रिशूल एयरफोर्स के आसपास में रहने वाले लोगों का भौतिक सत्यापन करा रहे हैं ताकि सैन्य इलाके में यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति है तो उसे पकड़ा जा सके। पुलिस के साथ एलआईयू को भी निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। -समीर सौरभ, एसपी सिटी