एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के बाद बरेली कॉलेज में भी रैगिंग का मामला सामने आया है। सोमवार को बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र के साथ क्लास रूम के पास चार सीनियर छात्रों ने रैगिंग की। छात्र का आरोप है कि उससे पैर छूने और पैंट उतारने को कहा गया। विरोध करने पर थप्पड़ मारे। रैगिंग के बाद छात्र नेताओं ने चीफ प्रॉक्टर का घेराव करके कार्रवाई की मांग की। पीड़ित छात्र ने दो लड़कों की पहचान बताई है। एक का नाम और दूसरे का फोटो चीफ प्रॉक्टर को उपलब्ध करा दिया है।
बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र एहतिशाम हुसैन ने चीफ प्राक्टर को लिखित शिकायत की कि सोमवार को करीब साढ़े 11 बजे जब वह सहपाठी इश्तियाक के साथ क्लास रूम में जा रहा था कि तभी जीने के पास चार सीनियर लड़कों ने उसे रोक लिया। रैगिंग का विरोध करने पर पीटा। सूचना चीफ प्रॉक्टर डॉ. एसपी मौर्य को मिली तो वह प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम के साथ बीसीए विभाग में पहुंचे और रैगिंग करने वालों को तलाशते रहे लेकिन वे नहीं मिले।
प्राचार्य दिन में कॉलेज में नहीं थे इसलिए उनको फोन पर जानकारी दे दी है। उन्होंने कमेटी का गठन करके जांच कराने को कहा है। जांच के बाद जो स्थिति सामने आएगी, उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. एसपी मौर्य, चीफ प्रॉक्टर