Auto collide with dividers on the exit of the wheel, the death of the ride
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
नगर निगम के सामने कचहरी की तरफ से आ रहा ऑटो पहिया निकलने पर डिवाइडर से टकरा गया। जिससे ऑटो की आगे की सीट पर बैठे एक युवक की मौत हो गई। चालक ऑटो छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में ले लिया है। उसके चालक का पता लगाया जा रहा है।
दुर्घटना सोमवार शाम साढे़ चार बजे अयूब खां चौराहे से शहामतगंज की तरफ आने वाली सड़क पर नगर निगम के सामने हुई। कचहरी की तरफ से आ रहे ऑटो का एक्सिल टूटने से उसका पहिया निकल गया और अनियंत्रित हुआ ऑटो डिवाइडर से टकरा गया। जिससे ऑटो की अगली सीट पर चालक के पास बैठे 35 वर्षीय साजिद पुत्र मुहम्मद उमर निवासी काजीटोला, बारादरी की मौत हो गई। यह देख ऑटो चालक भाग गया। दुर्घटना से मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस साजिद को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में लेकर उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।