बहेड़ी के दमखोदा ब्लॉक में तैनात एक ग्राम विकास अधिकारी(वीडीओ) और उनकी पत्नी के बीच बाहरी महिला को लेकर विवाद चरम पर है। वीडीओ की पत्नी ने उन पर अपने सरकारी आवास में अवैध रुप से एक महिला को रखने का आरोप लगाया। जिसके बाद ग्राम विकास अधिकारी भी पत्नी के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। वीडीओ ने प्रेमनगर थाना को डाक द्वारा मंगलवार को एक तहरीर भेजकर पत्नी से अपनी जान को खतरा बताया। अधिकारी का कहना है कि पत्नी उन पर गलत आरोप लगाकर फंसा रही है। जबकि अधिकारी की पत्नी थाना में दो बार तहरीर देकर पति के उत्पीड़न की शिकायत कर चुकी है।
वीडीओ विनोद व्यास और किरन व्यास की शादी को 25 वर्ष हो चुके हैं। वह चार बच्चों संग जाटवपुरा में रहते हैं। किरन अपने बेटे अमन के साथ प्रेमनगर थाना जाकर शिकायत कर चुकी हैं कि उनके पति ने उन्हें घर से मारपीट कर निकाल दिया। किरन का कहना है कि उनका पति घर नहीं आता, उन्होंने पड़ताल की तो पता लगा कि ब्लॉक में मिले सरकारी आवास में पति ने एक महिला को पत्नी बनाकर रख लिया है। जिसके बाद से उनका विवाद चल रहा है। बेटा अमन ने 12 मई को तहरीर दी थी कि उनके पिता ने मां समेत उन्हें पीटकर घर से निकाल दिया था। इसके बाद विनोद व्यास ने थाना में तहरीर भेजकर पत्नी और ससुराल पक्ष से खतरा होने की बात कही है।