बिथरीचैनपुर इलाके के कुआंडांडा निवासी 60 वर्षीय हामिद अली बाइक से बदायूं रिश्तेदारी में जा रहे थे। बाइक हामिद का भतीजा अजीम चला रहा था और हामिद पीछे बैठे थे। बाइक जैसे ही बदायूं रोड स्थित दूरदर्शन केंद्र के पास पहुंची तो यहां सड़क किनारे खड़े टेंपो चालक ने टेंपो स्टार्ट कर मोड़ दिया। जिससे टेंपो की बाइक से टक्कर हो गई और बाइक पर पीछे बैठे हामिद अली के सिर में गंभीर चोट लगी और वह जमीन पर गिर गए। अजीम को भी मामूली चोट लगी। राहगीरों ने टेंपो घेर लिया और टेंपो वाले से दोनों को अस्पताल ले जाने को कहा। इस पर वह उन्हें शहर के निजी अस्पताल लाया। जहां हामिद अली को मृत घोषित कर दिया गया। इसी दौरान दोनों पक्ष के काफी लोग अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल के बाहर हंगामा होने लगा और दोनों में जमकर मारपीट हुई। बारादरी थाने के दो सिपाही पहुंचे तो भीड़ ने उनसे भी हाथापाई कर दी जिससे मामला और तूल पकड़ गया। कैंट के अलावा महिला थाना, बारादरी और कोतवाली की पुलिस को बुला लिया गया। इसके बावजूद मारपीट होती रही। कई लोगों के कपड़े भी फट गए। बाद में पुलिस ने टेंपो चालक को पकड़कर कार्रवाई करने की बात कही, इस पर भीड़ शांत हो गई। पुलिस टेंपो चालक को कैंट थाने ले गई और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। हामिद अली के शव का रात में ही पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम के बाद परिवार वाले शव गांव ले गए।
00
नाबालिग चला रहा था टेंपो
मृतक के भतीजे अजीम ने बताया कि टेंपो नाबालिग लड़का चला रहा था। उसने सड़क पर अचानक टेंपो पीछे की तरफ मोड़ दिया। वह कुछ समझ नहीं पाए और टेंपो की टक्कर बाइक को लग गई और हामिद अली की मौत हो गई।