सावन शुरू होने से ऐन पहले चार्ज संभालने के बाद नवागत एसएसपी मुनिराज जी ने कहा कि फिलहाल शांतिपूर्ण ढंग से कांवड़ यात्रा संपन्न कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस महकमे में वह भ्रष्टाचार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। पब्लिक के साथ दुर्व्यवहार भी नहीं चलेगा।
शनिवार दोपहर एसएसपी मुनिराज जी नेे कार्यालय पहुंचकर एसपी देहात डॉ. सतीश कुमार से चार्ज ग्रहण किया। कलानिधि नैथानी के जाने के बाद डॉ. सतीश ने यह पदभार संभाला हुआ था। नए एसएसपी ने कहा बगैर किसी विवाद के शांतिपूर्ण ढंग से कांवड़ यात्रा निकलवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एंटी रोमियो को सक्रिय किया जाएगा। भीड़ वाले इलाकों में पुलिस सादा कपड़ों में गश्त करेगी। छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोकथाम और महिला सुरक्षा भी प्राथमिकता में रहेगी।
11 ब्लाइंड मर्डर का खुलासा रहेगा चुनौती
बरेली। नवागत एसएसपी के लिए छह महीने के दौरान हुए 11 ब्लाइंड मर्डर केसों का खुलासा खास चुनौती रहेगा। पिछले तीन महीनों के दौरान हुई वारदातों से बरेली हत्या के मामलों में पूरे मंडल में इस समय टॉप पर है। इस साल जनवरी से जून तक बरेली में 45 हत्याएं हुईं। पिछले साल इसी अवधि में 56 हत्याएं हुई थीं। पिछले साल की तुलना में यह संख्या कम है लेकिन मंडल के अन्य जिलों की तुलना में यह संख्या सबसे ज्यादा है। इस समयावधि में पीलीभीत में 20, शाहजहांपुर में 36 और बदायूं में 40 हत्याएं हुईं। हत्या का ग्राफ सिर्फ शाहजहांपुर में भी बढ़ा है। जनवरी से जून के बीच जिले में 15 ब्लाइंड मर्डर केस भी हुए थे। इनकी तफ्तीश की मॉनीटरिंग आईजी डीके ठाकुर कर रहे थे लेकिन अब तक चार मामले ही खुल सके। 11 मामले अब तक अनसुलझे हैं।