रामगंगा कटरी में खादी और खाकी के संरक्षण में खनन माफिया फिर सक्रिय हो गए हैं। एसडीएम (सदर) और सीओ द्वितीय ने शुक्रवार रात रामगंगा कटरी में छापामारी करके अवैध खनन कर रहे चार लोगों को पकड़ लिया। यहां खनन माफिया ने बांध को काटकर गलियारा बना लिया है। मौके से दो जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर ट्राली जब्त की गईं। इस मामले में 14 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शुक्रवार रात में खनन माफिया गांव मिलक और रौंधी के पास रामगंगा कटरी में अवैध खनन कर रहे थे। खनन माफिया ने नदी पर बने बांध को जेसीबी से काटकर बड़ा गलियारा बना लिया है। रामगंगा नदी के बीच में जल बहाव के स्थान पर 14 ट्रैक्टरों से अवैध खनन कराया जा रहा था। सीओ द्वितीय अशोक कुमार मीना सुभाषनगर पुलिस के साथ छापामारी के लिए पहुंचे तो दो जेसीबी की मदद से रेता का अवैध खनन होते मिला। पुलिस की घेराबंदी देखकर ट्रैक्टर चालक अंधेरे में भागने लगे। पुलिस ने दो जेसीबी और दो ट्रैक्टर ट्राली के साथ ही चार मजदूरों को पकड़ लिया।
400 रुपये मिलते हैं एक रात के
पुलिस पूछताछ में ट्रैक्टर ड्राइवर नसीम निवासी करगैना और अमर हुसैन निवासी टाडा चौकी रामगंगा का नाम सामने आया। दोनों ट्रैक्टर बिना नंबर के हैं। उन्हें करगैना चौकी पर खड़ा कराया गया है, जबकि जेसीबी को सुभाषनगर थाने पर खड़ा किया गया है। जेसीबी चालक नफरुद्दीन निवासी गांव सनैइया धन सिंह और हेल्पर नजर मोहम्मद निवासी संभल को पकड़ा गया है। मजदूरों ने बताया कि उन्हें 400 रुपये रात के हिसाब से खनन करने की मजदूरी मिलती है।
जेसीबी जोगी नवादा के इस्लाम की
पूछताछ में सामने आया कि जेसीबी का मालिक इस्लाम निवासी जोगी नवादा है। उसे पकड़ने की कोशिश हो रही है। नसीम ने बताया कि ट्रैक्टर उसी का है। उसने बदायूं से खरीदा था, लेकिन अभी रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं मिला है। खनन कराने वाले इस्लाम, अबरार, हरिओम कश्यप, रिजवान, बबलू, अनीस खान, इशहाक, नसीम के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम और लोक संपत्ति का नुकसान पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रधान मंजूर अहमद की बड़ी भूमिका, रिजवान है मुंशी
एसओ श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि सुभाषनगर के गांवमिलक के प्रधान मंजूर अहमद की अवैध खनन कराने में बड़ी भूमिका है। रिजवान निवासी करेली मुंशी का काम करता है। बबलू निवासी मिलक, सनैइया धान सिंह के अनीस खान, इशहाक, नसीम भागने में कामयाब हो गए।