बुखारपुरा के दानिश मियां का गिरेबान पकड़कर एमबीए की एक छात्रा ने उनके गालों पर कई चपत जड़ दिए। सोमवार दोपहर डीएम आवास के सामने अचानक यह घटना होने के बाद रास्ते से गुजर रहे कुछ ऑटो वाले भी रुक गए। पूछा तो पता चला कि दानिश मियां अपरिचित छात्रा से बार-बार अपनी स्कूटी पर बैठ जाने की गुजारिश कर रहे थे। कई बार मना करने पर भी नहीं माने छात्रा का सब्र जवाब दे गया। छेड़खानी का मामला निकला तो ऑटो वालों ने उनकी अच्छी तरह धुनाई की, फिर डीएम आवास में ले गए जहां गारद ने पुलिस बुलाकर उसे उसके सुपुर्द कर दिया। दानिश पर छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दानिश को सबक सिखाने वाली इंद्रानगर की युवती एक निजी इंस्टीट्यूट से एमबीए का कोर्स कर रही है। युवती ने पुलिस को बताया कि उसे दिल्ली के लिए रिजर्वेशन कराना था। वह ऑटो से डीएम आवास तक पहुंची जहां एक बैंक के एटीएम से पैसे निकालने के बाद वह दोपहर एक बजे आटो का इंतजार कर रही थी। इसी बीच दानिश स्कूटी पर वहां पहुंचा और उससे कोई परिचय न होने के बावजूद अपनी स्कूटी पर बैठने को कहने लगा। छात्रा के नाराजगी जताने के बाद भी वह नहीं माना और बार-बार स्कूटी पर बैठने को कहता रहा। आखिर युवती ने उसका गिरेबान पकड़कर उसे कई चपत जड़ दिए।
गारद ने पकड़ा तो हाथ जोड़ने लगा
डीएम आवास की गारद के सुपुर्द किए जाने के बाद दानिश हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। उसने कहा कि दोपहर की धूप में लड़की खड़ी थी, सोचा मदद कर दूं। चौकी चौराहा चौकी की प्रभारी प्रीति पवार ने दानिश को हिरासत में लेने के बाद छात्रा से तहरीर लिखवाकर उसके खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज की।