भोजीपुरा। टायर फटने से अनियंत्रित एक ट्रक गुरुवार को सड़क किनारे टेंपो ठीक कर रहे दो भाइयों के ऊपर पलट गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों को निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां दोनों मृत घोषित कर दिए गए। परिजनों की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला हजियापुर निवासी कलीम रजा खां टेंपो चलाते हैं। बुधवार रात देवरनियां क्षेत्र की सवारी ले जाते वक्त नैनीताल रोड पर आटामांडा पावर ग्रिड के सामने टेंपो का एक्सल टूट गया। इसके चलते उनकी सारी सवारियां दूसरे साधनों से निकल गईं। टेंपो की मरम्मत के लिए कलीम ने अपने छोटे भाई तस्लीम रजा खां को एक्सल व अन्य सामान लेकर मौके पर बुलाया। दोनों भाई टेंपो ठीक करने में जुट गए। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक मिनरल वाटर भरे ट्रक का आगे वाला पहिया फट गया। टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित हुआ और टेंपो के ऊपर पलट गया। जिसमें दोनों भाई उसके नीचे दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ट्रक के नीचे से निकलवाकर अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।