बरेली। नशे के कारोबारियों को इज्जतनगर पुलिस की पूरी छूट है। चच्ची के नाम से बदनाम महिला छह साल की बेटी से नशे की पुड़िया बिकवाते हुए वीडियो में कैद हुई तो दो दिन धंधा बंद रहा। मगर कर्मचारीनगर पुलिस चौकी की मेहरबानी से चच्ची का नशे का कारोबार फिर शुरू हो गया है। अब उसने पास ही सब्जी के फड़ पर धंधा शुरू कराया है। पुलिस अफसर भी मामले पर आंखें बंद किए बैठे हैं।
इज्जतनगर की सैदपुर बीडीए कालोनी निवासी चच्ची नशे की पुड़िया का कारोबार करती है। छह वर्ष की बेटी पुड़िया देती है और वह निगरानी करती है। पुलिस की सांठगांठ से चल रहे इस धंधे से परेशान लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामला इज्जतनगर पुलिस के पास पहुंचा तो कर्मचारीनगर चौकी इंचार्ज को जांच दी गई। लेकिन महिला एक दलाल के साथ सेटिंग करने चौकी पहुंच गई। इसके बाद दो दिन तक पुड़िया की बिक्री बंद रही और बुधवार को धंधा फिर शुरू हो गया। अब वह स्वयं सिर्फ सिर्फ रेगुलर नशेड़ियों को पुड़िया उपलब्ध कराती है। बाकी को बंद पड़े सामुदायिक केंद्र के बाहर सब्जी के फड़ पर पुड़िया मिलती है। यहां सैदपुर ऊंची बगिया निवासी व्यक्ति कमीशन लेकर धनिया मिर्च में छिपाकर नशे की पुड़िया बेचता है।
फिर वायरल हुआ वीडियो
चच्ची के कारोबार और दूसरे अड्डे का भी लोगों ने वीडियो बनाया और बुधवार को इसे फिर वायरल कर दिया। इसमें सब्जी विक्रेता पुड़िया बेचता साफ नजर आ रहा है। लोगों का कहना है कि अब वे कर्मचारीनगर चौकी पुलिस की शिकायत बड़े अधिकारियों से करेंगे।
कार्रवाई की थी बात, धंधा शुरू कराया
पिछली बार शिकायत पर पुलिस अफसरों ने इज्जतनगर पुलिस और चौकी इंचार्ज को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी थी। मगर इसका उल्टा हुआ। कार्रवाई के बजाय नशे के अड्डे दो हो गए और धड़ल्ले से बिक्री शुरू हो गई।