बरेली। नशे का कारोबार करने वालों की पैठ पुलिस में इतनी गहरी है कि पुलिस उन तक पहुंचने ही जहमत ही नहीं उठाती। मिनी बाईपास पर नाबालिग बेटी से नशे की पुड़िया बिकवाने वाली धंधेबाज महिला का वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस उसके ठिकाने पर नहीं पहुंची। बल्कि इससे बेखौफ महिला एक दलाल के साथ सेटिंग करने के लिए कर्मचारी नगर चौकी पहुंच गई। कुछ देर वहां रुककर सांठगांठ की और फिर चली गई।
इज्जतनगर क्षेत्र में सैदपुर बीडीए कालोनी निवासी चच्ची नाम से बदनाम महिला अपनी करीब छह साल की नाबालिग बेटी से नशे की पुड़िया बिकवाती है। महिला के नशे के कारोबार से परेशान लोगों ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। वीडियो में चच्ची नजर आ रही थी और बच्ची 50 रुपये में पुड़िया बेच रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए। मगर सेटिंग के चलते इज्जतनगर पुलिस न तो उसके ठिकाने तक पहुंची और न ही कोई कार्रवाई की। बल्कि बेखौफ चच्ची इज्जतनगर और प्रेमनगर क्षेत्र में सक्रिय एक दलाल के साथ सेटिंग करने रविवार दोपहर कर्मचारी नगर चौकी पहुंच गई। यहां सांठगांठ के बाद चच्ची को जाने दिया गया। इसके बाद चच्ची पास के ही एक महिला अस्पताल भी पहुंची लेकिन उसकी दुकान रविवार को बंद रही। इंस्पेक्टर इज्जतनगर मनोज त्यागी ने बताया कि महिला के खिलाफ जांच करने के आदेश चौकी प्रभारी को दिए गए हैं। महिला के किसी के साथ चौकी पहुंचे की कोई जानकारी नहीं है।