हाईस्कूल में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा के अपहरण और चलती वैन में सामूहिक दुष्कर्म की खबर ने पूरे पुलिस महकमे में बुधवार दोपहर हड़कंप मचा दिया। एसएसपी समेत तमाम अफसर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। पुलिस महकमे से यह खबर बाहर निकली तो मीडिया जगत के लोगों ने भी इस सनसनीखेज घटना के सूत्र पिरोने के लिए फतेहगंज पश्चिमी से लेकर रामगंगा इलाके तक की खाक छाननी शुरू कर दी। पुलिस अफसरों ने छात्रा और और उसके परिवार वालों को मीडिया के लोगों दूर रखने की कोशिश की तो उनकी बेचैनी और बढ़ गई। देर शाम होने तक इस घटना के अलग-अलग तथ्य सामने आते रहे, देर रात जब घटना के पीछे असलियत सामने आई तो पुलिस ही नहीं, मीडिया के लोग भी हैरान रह गए।
बदहवास हाल में मिली छात्रा ने सुनाई
छात्रा के अपहरण का दिनभर हल्ला
रात में निकला शादी के ड्रामा
रामगंगा चौकी के पास साढ़े दस बजे उठी और दो घंटे बाद फतेहगंज पश्मिची में मिली
बोली-वैन में चार युवकों ने इंजेक्शन लगाया, बेहोश किया, वैन से भागकर बचाई जान
सीन- 1
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे फतेहगंज पश्चिमी में यूपी 100 के पुलिस कर्मियों को बदहवास हालत में मिली हाईस्कूल में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा ने जब वैन में सवार चार लड़कों के अपने अपहरण करने की कहानी सुनाई तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उसने पुलिस को बताया कि वैन में बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। सूचना अफसरों तक पहुंची तो एसएसपी, एसपी क्राइम, एसपी सिटी के साथ कई सर्किल की पुलिस फतेहगंज पश्चिमी की ओर दौड़ पड़ी। डीजीपी मुख्यालय से भी घटना की बाबत जानकारी ली जाने लगी। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि रामगंगा पुल के पास एक इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली यह लड़की करीब 10 बजे पेटदर्द के कारण घर जाने की बात कहकर निकली थी।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह कॉलेज से आटो के जरिये वह बरेली-बदायूं रोड किनारे रामगंगा ब्रिज पर पहुंची। आगे जाने के लिए दूसरे टेंपो के इंतजार में खड़ी थी। तभी सफेद वैन में सवार बदमाशों ने उसको कार के अंदर खींच लिया। छात्रा के मुताबिक उसको वैन में डालने के बाद मारपीट शुरू हो गई। उसको कपड़े के ऊपर से ही एक इंजेक्शन लगा दिया गया। जिससे उसको बेहोशी छाने लगी। छात्रा के मुताबिक उसको हल्का होश आया तो वैन से बाहर फतेहगंज पश्चिमी की रहपुरा अंडरपास सर्विस रोड नजर आई। यहीं उसकी नानी का घर भी था। वैन रुकी हुई थी, उसने बदमाशों का गच्चा देकर वैन के बाहर छलांग लगा दी और दौड़ पड़ी। जिसके बाद वैन रामपुर की तरफ चली गई।
स्कूल वालों ने बताया कि छात्रा अपने मोहल्ले की ही दूसरी छात्रा के साथ बुधवार सुबह कालेज आई थी। लेकिन अचानक पेट में दर्द उठने की बात कहते हुए छुट्टी लेकर 10:03 बजे अकेली ही कॉलेज से निकल गई थी। इसके बाद पुलिस को वह 12:35 बजे फतेहगंज पश्चिमी में मिली और फिर अपहरण, दुष्कर्म और हाईवे पर फेंक देने की कहानी शुरू हुई थी।
सीन- 2
पर्दे के पीछे चली पुलिस की छानबीन से बढ़ी मीडिया वालों की बेचैनी
कॉल डिटेल की मदद से एक युवक को पकड़ा तो खुलनी शुरू हुईं घटना की परतें
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी में बदहवास हालत में छात्रा के मिलने और अपहरण व दुष्कर्म की कहानी का खुलासा होने के बाद मीडिया के लोगों की भागदौड़ शुरू हो गई। मीडिया के लोग पीड़ित लड़की और उसके परिवार के लोगों से बात करना चाहते थे, लेकिन अफसरों के निर्देेश पर पुलिस ने मीडिया वालों को न लड़की से मिलने दिया न उसके परिवार वालों से बात करने दी। इस पर मीडिया वालों में भी देर रात तक कौतुहल बना रहा। इस बीच एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने खिरका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती पीड़िता से पूछताछ करने के बाद टीमों को खुलासे के लिए लगाया। शाम तक पुलिस ने छात्रा के मां के मोबाइल की कॉल डिटेल की मदद से छात्रा के दो सहपाठी मित्रों में से एक को पकड़ लिया। उससे पूछताछ में कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। इसके बाद रात में दस बजे लड़की का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। सीएमएस के मुताबिक छात्रा के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। जिसके बाद पुलिस छात्रा को लेकर फतेहगंज पश्चिमी गई। जंगल से छात्रा की गायब चप्पल बरामद कराई गई।
छात्रा की कहानी के मुताबिक अपहरण, छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट लिखी गई थी। लेकिन हमें कुछ चौंकाने वाले सुराग मिले हैं। चौबीस घंटों के अंदर इसका खुलासा कर दिया जाएगा। - जोगेंद्र कुमार, एसएसपी
--------------------------------
सीन- 3
प्रेमदीवानी ने शादी के लिए रची अपहरण की कहानी
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में छात्रा खुद बैग रखते मिली, प्रेमी हिरासत मेें
- रात में फतेहगंज पश्चिमी के जंगल से छात्रा की चप्पल भी बरामद कराई
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
छात्रा की फर्जी कहानी की परतें उस वक्त खुलना शुरू हुईं, जब पुलिस को नेकपुर में एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली। इसमें मंदिर के पास खड़ी होकर वह कार के नीचे अपना बैग छिपाते हुए नजर आ रही थी। इसी बीच सीओ मीरगंज सीमा यादव ने छात्रा के प्रेमी अजय को उठा लिया जो बदायूं रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप पर काम करता है। छात्रा की कहानी की असलियत खुलने से पहले माना जा रहा था कि उसी ने उसका अपहरण किया था, लेकिन छानबीन में पता चला कि कथित अपहरण के वक्त वह पेट्रोल पंप पर ही ड्यूटी दे रहा था। अजय ने भी पुलिस को कई अहम बातें बताई।
इसके बाद पुलिस ने जब अलग-अलग बिखरे सूत्रों को संजोने के साथ छात्रा से कड़ाई के साथ पूछताछ की तो हैरान करने वाली कहानी सामने आई। पता चला कि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन इसके लिए उसका परिवार तैयार नहीं था। इसके बाद उसने योजना बनाई कि अगर प्रेमी का नाम उसके साथ दुष्कर्म के मामले में आ जाएगा तो परिवार के लोग उसके साथ उसकी शादी करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। अपनी इसी योजना के तहत वह खुद रामगंगा से फतेहगंज पश्चिमी पहुंची और पुलिस को अपने अपहरण की कहानी सुनाई लेकिन उसकी योजना उस वक्त गड़बड़ा गई जब पुलिस ने रिपोर्ट अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज की और उसमें उसके प्रेमी का नाम नहीं आया।
ये क्लू मिले तो बिखरी छात्रा की फर्जी कहानी :
- एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने सीओ मीरगंज सीमा यादव को सतुइया टोल प्लाजा पर सुबह 10 से 12 बजे तक के बरेली दिशा से आने वाले सभी वाहनों खासकर सफेद कारों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए लेकिन छानबीन के बाद भी इनमें सफेद रंग की वैन नहीं नजर आई।
- दो पीरियड पढ़ाई के बाद पेट में तेज दर्द की शिकायत क्लास टीचर से की, उनके मना करने पर प्रिंसिपल के पास जाकर छुट्टी मांगी। उन्होंने पेट दर्द की दवा दिलवाकर क्लास में ही बैठा दिया। लेकिन, 10.03 बजे छात्रा टीचर और चौकीदारों की नजर से बचकर चुपचाप कालेज से निकल गई।
- पुलिस की एक टीम ने कॉलेज के पास के दुकानदारों से पूछताछ की जिसमें सामने आया कि छात्रा का कालेज के सहपाठी छात्र से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार को लड़की तो कालेज आई थी लेकिन वह सहपाठी मित्र नहीं आया था।