विवाहिता का शव पंखे पर लटका मिला। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया तो पुलिस ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सिकलापुर निवासी कांती देवी की बेटी किरन की शादी वर्ष 2016 में कालीबाड़ी निवासी प्रेम राजपूत से हुई थी। प्रेम ऑटो चलाता है। सोमवार दोपहर पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद किरन का शव कमरे में पंखे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस और किरन के मायके वाले मौके पर पहुंचे। किरन की मां ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले शादी के दो माह बाद से ही कम दहेज का ताना देकर उसे प्रताड़ित करते थे। मायके से रुपये लाने का दबाव बनाकर मारपीट करते थे। मांग पूरी न होने पर उन लोगों ने हत्या करके खुदकुशी दिखाने के लिए किरन का शव पंखे से लटका दिया है। इसके बाद पुलिस ने किरन का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। साथ ही कांती देवी की तहरीर पर पति प्रेम राजपूत समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।