भुता। किशोरी की तलाश में दबिश देने हाफिजगंज जा रही भुता पुलिस की जिप्सी शुक्रवार देर रात आगे जा रहे भूसे से भरे डनलप में घुस गई। हादसे में जिप्सी में सवार चारों पुलिसकर्मी गंभीर घायल हो गए। भुता थाने से पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने घायलों को बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया। गर्दन में गंभीर चोट आने से एक महिला सिपाही की हालत गंभीर बनी हुई है।
भुता थाने के दरोगा भूरेलाल, हेड कांस्टेबल नरेंद्र, महिला सिपाही पूजा और सोनम के साथ शुक्रवार देर रात दस बजे जिप्सी से एक किशोरी की तलाश में हाफिजगंज जा रहे थे। बीसलपुर रोड पर काडू पुल मंदिर मोड़ के पास सामने से आए ट्रक की हेडलाइट पुलिस के ड्राइवर की आंखों पर पड़ने से उसे आगे जा रहे भूसे का डनलप नहीं दिखा और जिप्सी डनलप में जा घुसी। हादसे में दरोगा भूरेलाल, चालक नरेंद्र, कांस्टेबल पूजा और सोनम घायल हो गए। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने घायल पुलिस कर्मियों को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सोनम की हालत गंभीर बनी हुई है। सीओ फरीदपुर रामानंद राय और एसपी देहात संसार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिस कर्मियों का हालचाल लिया। टक्कर लगने से जिप्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
किशोरी को बहलाकर भगा ले गए युवक
भुता। थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी घर में अकेली थी। तभी गांव रम्पुरा तुलसी के अजयपाल और उसका साथी मिर्जापुर गांव का जितेंद्र वहां पहुंचे और उसे बहलाकर भगा ले गए। किशोरी के पिता ने दोनों युवकों के खिलाफ भुता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। ब्यूरो