बरेली। बैंक मैनेजर के संबंधी बनकर लोन के फर्जी कागजात सत्यापित कराने वकील के पास पहुंचे ठगों का भांडा फूटा तो वह उनकी असिस्टेंट से ही रुपये छीनकर भाग निकले। वकील के मुताबिक कागजों पर लगी उनकी मुहर भी फर्जी थी। बैंक से जानकारी लेने पर मामले की जानकारी हुई। वकील की शिकायत पर तीन ठगों के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
राजेंद्र नगर के प्रमोद कुमार भटनागर का कचहरी में चैंबर है। प्रमोद के मुताबिक बृहस्पतिवार को उनके चैंबर पर इज्जतनगर के रहपुरा चौधरी निवासी यासीन खां, निरवत और चांद खां एक बैंक मैनेजर के संबंधी होने का हवाला देकर लोन के कुछ कागजात सत्यापित कराने पहुंचे थे। कागजात देखने के बाद उनके फर्जी होने का संदेह हुआ तो उन्होंने तीनों से कुछ समय मांगा। इसके बाद बैंक मैनेजर से मामले की जानकारी की। प्रमोद ने बताया कि बैंक मैनेजर ने ऐसा कुछ भी संज्ञान में होने से इंकार कर दिया। प्रमोद का आरोप है कि आरोपी उनके नाम की फर्जी मुहर बनाकर उसका दुरुपयोग कर रहे हैं। प्रमोद ने आरोपियों से बात की तो वह उन्हें धमकियां देने लगे। प्रमोद ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी उनकी अनुपस्थिति में उनके चैंबर पहुंचे और वहां मौजूद उनकी असिस्टेंट से फर्जी कागजात और एक हजार रुपये छीन कर ले गए। शिकायत करने पर बुरा होने की भी धमकी दी।