बरेली। मौके पर छानबीन करने के बाद तो पुलिस अधिकारियों ने भुवनेश की मौत को हादसा ही माना, लेकिन देर शाम जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई तो सीने में घुसी गोली के एंगल पर पुलिस भी उलझ गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक सीने में घुसी गोली 45 डिग्री का एंगल बनाते हुए ऊपर से नीचे की तरफ गई है। गोली ने फेफड़े और लिवर को चीर दिया और पीठ से बाहर निकल गई। पेट में खून भरा हुआ मिला था। फेफड़े और लिवर के फटने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया है। गोली का एंगल पुलिस को उलझा रहा है। दरअसल अमित ने पुलिस को बताया था कि भुवनेश को उसने लेटकर पढ़ाई करते देखा था। ऐसे में गोली चलने पर सीने में सीधे लगकर बाहर निकलनी चाहिए थी। फील्ड यूनिट ने मिशन अस्पताल में भुवनेश का हैंड वॉश नमूना लिया है ताकि हाथ पर बारूद की पुष्टि हो सके। पिस्टल से फिंगर प्रिंट भी उठाए गए हैं।
बैलेस्टिक जांच को भेजी जाएगी पिस्टल
एसएसपी मुनिराज जी. ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि बुलेट का एंगल हमारे लिए महत्वपूर्ण है। पिस्टल और बुलेट को जब्त करके बैलेस्टिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। उसकी रिपोर्ट देखी जाएगी। फील्ड यूनिट ने भुवनेश की पिस्टल के साथ उनके मोबाइल को भी कब्जे में लिया है। उनके कमरे से नाइन एमएम का एक चला कारतूस और एक जिंदा कारतूस मिला है।