एडीजी ने कांग्रेस नेता के रिश्तेदार लेखपाल
और कातिब भाइयों पर कराई एफआईआर
डोहरा रोड पर प्लाट पर कब्जे का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। सनराइज कॉलोनी में एक प्लॉट पर कब्जे के मामले में एक कांग्रेस नेता के रिश्तेदार दो भाइयों के खिलाफ एडीजी के निर्देश पर एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों भाई पेशे से लेखपाल और कातिब हैं। अब बारादरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिजली विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी धर्मदास मूलरूप से रामपुर की तहसील सदरगंज के छीपियान पुराना गंज के रहने वाले हैं। धर्मदास के मुताबिक, उन्होंने 29 साल पहले डोहरा गाैंटिया गांव में 200 वर्गगज का प्लॉट दुर्गा प्रसाद से कटरा चांद खां के रामस्वरूप की मार्फत लिया था। दिसंबर, 1989 में रजिस्ट्री कराने के बाद प्लॉट पर लकड़ी की बल्लियों पर लोेहे के तार बांधकर चौहद्दी बना दी। रामपुर में नौकरी कर रहे होने के कारण धर्मदास ने प्लॉट की देखभाल की जिम्मेदारी लेखपाल महेश निवासी पवन विहार और कातिब धर्मेंद्र निवासी ग्रीनपार्क को सौंप दी। आरोप है कि 31 मार्च, 2003 को रिटायर होने के बाद जब धर्मदास प्लॉट पर पहुंचे तो वहां निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने महेश और धर्मेंद्र से इस बाबत पूछा तो दोनों ने गालियां देकर भगा दिया। जुलाई, 2005 में इस प्रकरण की डीएम से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अब जमीन सनराइज कॉलोनी में है
वर्तमान में डोहरा गांव की जगह सनराइज कॉलोनी है। धर्मदास ने मामले की शिकायत एडीजी प्रेमप्रकाश से की। उन्होंने जांच कराने के बाद लेखपाल और कातिब के खिलाफ बारादरी थाने में कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।